तस्वीर में सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त बस का क्षतिग्रस्त अगला हिस्सा दिख रहा है।

भीलवाड़ा-आसींद मार्ग पर जीवलिया टोल प्लाजा के पास मंगलवार को तेज रफ्तार निजी बस और मोटरसाइकिल की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में 40 वर्षीय बाइक सवार भरत कुमार की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। गंभीर घायल भरत कुमार को एंबुलेंस से उप जिला चिकित्सालय मांडल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मांडल थाने की दीवान सुधा ने बताया कि बाइक सवार भीलवाड़ा की ओर, जबकि निजी बस ब्यावर की ओर जा रही थी। जीवलिया टोल प्लाजा के पास बस ने बाइक को चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार भरत कुमार 40 पुत्र रामेश्वर लाल खटीक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस और हाईवे एंबुलेंस तत्काल मौके पर पहुंचीं। एंबुलेंस टीम के पायलट प्रभु प्रजापत, राहुल पारीक, गणेश गुर्जर और मेल नर्स सतवीर सिंह व आनंद ने घायल को तुरंत उप जिला चिकित्सालय मांडल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने जांच के बाद भरत कुमार को मृत घोषित कर दिया। शव मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। मृतक मूलरूप से बोराणा हाल जौधड़ास फाटक क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बस को अपने कब्जे में ले लिया है। चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हादसे के वास्तविक कारणों की गहराई से जांच शुरू कर दी है।

जीवलिया टोल प्लाजा के पास हुए इस अचानक सड़क हादसे में 40 वर्षीय भरत कुमार की मौत से उनके परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े घटनाक्रम और उसके कारणों की जांच में जुटी है।

Tags: