तस्वीर में भीलवाड़ा के धार्मिक स्थल पर जांच करते पुलिसकर्मी और उपस्थित लोग।

भीलवाड़ा। प्रताप नगर स्कूल ग्राउंड स्थित तेली समाज के प्राचीन जुझार जी के पवित्र स्थान पर रविवार सुबह जुझार जी की मूर्ति फिर असामाजिक तत्वों द्वारा खंडित कर दी गई। महज 5 महीने के भीतर दूसरी बार मूर्ति खंडित किए जाने की घटना से तेली समाज और हिंदू संगठनों में आक्रोश फैल गया।

घटना की सूचना मिलते ही तेली समाज के लोग, बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। समाज के लोगों ने बताया कि 5 महीने पहले भी इसी मूर्ति को खंडित किया गया था। उस घटना की पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। समाज के लोगों ने पुलिस की कार्रवाई में देरी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इसी कारण असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हुए और उन्होंने दोबारा वारदात को अंजाम दिया।

रविवार सुबह पूजा करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने जब जुझार जी की मूर्ति टूटी हुई देखी तो उनके होश उड़ गए। तेली समाज के लोगों के अनुसार, प्रताप नगर स्कूल ग्राउंड में वर्षों पहले चबूतरा बनाकर जुझार जी की स्थापना की गई थी। यहां समाज के लोग नियमित रूप से पूजा-अर्चना करते हैं। रविवार सुबह श्रद्धालु पूजा के लिए पहुंचे तो मूर्ति खंडित अवस्था में पड़ी मिली। यह देखते ही समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया।

सूचना मिलते ही प्रताप नगर थाने से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई। समाज के प्रतिनिधियों और हिंदू संगठनों ने पुलिस प्रशासन के प्रति सख्त नाराजगी जताते हुए असामाजिक तत्वों के खिलाफ तत्काल और कठोर कार्रवाई की मांग की।

घटना की सूचना पर वार्ड नंबर 19 के निर्दलीय पार्षद शिवराज गुर्जर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने भविष्य में इस स्थान की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तुरंत सीसीटीवी कैमरे लगवाने का आश्वासन दिया।

मौके पर विश्व हिंदू परिषद के सह संगठन मंत्री सुशील सुवालका, तेली समाज के रमेश तेली, रतन तेली, जगदीश तेली, भैरू तेली सहित बड़ी संख्या में आक्रोशित लोग मौजूद रहे। समाज के लोगों ने स्पष्ट कहा कि इस बार केवल मुकदमा दर्ज करने से काम नहीं चलेगा। उन्होंने दोषियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की।

Tags: