भीलवाड़ा में शौच के लिए गए युवक पर चाकू और पत्थर से हमला, आरोपी गिरफ्तार
बीलिया खुर्द में कहासुनी के बाद युवक पर जानलेवा हमला हुआ, राहगीरों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा।
अस्पताल के बेड पर लेटा हुआ घायल युवक, जिसके पास बीपी मॉनिटर लगा है।
भीलवाड़ा। शहर के प्रताप नगर थाना क्षेत्र के बीलिया खुर्द के पास रीको फील्ड में शुक्रवार सुबह शौच के लिए गए 31 वर्षीय युवक पर एक अज्ञात व्यक्ति ने चाकू और पत्थर से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के दौरान वहां से गुजर रहे दो युवकों ने बीच-बचाव कर आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
बीलिया खुर्द निवासी हेमंत सिंह पंवार (31), पुत्र मुरली सिंह पंवार ने बताया कि वह शुक्रवार सुबह करीब 7:15 से 7:30 बजे के बीच रीको फील्ड स्थित कालिका माता चौराहे के पास फ्रेश होने गया था। इसी दौरान एक अनजान व्यक्ति आपत्तिजनक तरीके से उसके नजदीक आकर बैठ गया। हेमंत ने उसे थोड़ा दूर बैठने के लिए कहा तो आरोपी बहस करने लगा।
विवाद से बचने के लिए हेमंत अपनी गाड़ी की ओर लौटने लगा। इसी दौरान आरोपी पीछे से आया और उसकी गर्दन पकड़कर चाकू से हमला कर दिया। खुद को बचाने के प्रयास में हेमंत ने आरोपी का हाथ पकड़ लिया। आरोपी ने चाकू खींचा, जिससे हेमंत के अंगूठे में भी चोट लग गई। हेमंत ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को नीचे गिरा दिया और उसके हाथ से चाकू छीनकर दूर फेंक दिया।
इसके बाद हेमंत वहां से भागने लगा तो आरोपी ने पीछे से उसकी गर्दन पर भारी पत्थर से वार कर दिया। पत्थर की चोट से हेमंत जमीन पर गिर गया। आरोपी ने उसे नीचे दबा लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए दूसरे चाकू से हमला करने का प्रयास किया।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे गांव के दो युवकों की नजर घटना पर पड़ी। दोनों ने तत्काल बीच-बचाव कर हेमंत को आरोपी के कब्जे से छुड़ाया। इसके बाद युवकों ने आरोपी को कालिका माता चौराहे पर ले जाकर बांध दिया और प्रताप नगर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। आरोपित से पुलिस पूछताछ कर रही है।
उधर, घायल हेमंत को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित के बयान दर्ज किए और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुरानी रंजिश से इंकार
घायल हेमंत ने पुलिस को बताया कि वह आरोपी को बिल्कुल नहीं जानता। उसकी किसी से कोई पुरानी रंजिश या दुश्मनी भी नहीं थी। पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज करने के बाद घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।