गंगापुर में आयोजित कार्यक्रम में आशा सहयोगिनियों को सम्मानित करते हुए प्रशस्ति पत्र दिए गए।

गंगापुर-भीलवाड़ा। विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत शनिवार को नगर के वार्ड नंबर 11 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसेवा एवं सुशासन की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में आमजन की भागीदारी बढ़ाने के साथ विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई गई।

कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी आशा सहयोगिनियों का सार्वजनिक अभिनंदन एवं सम्मान किया गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं उपस्थित अधिकारियों ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यरत आशा सहयोगिनियों को पुष्पगुच्छ एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा आशा सहयोगिनियों के लिए जारी पत्र का वाचन किया गया। मुख्यमंत्री के संदेश को उपस्थित जनसमुदाय के समक्ष भी पढ़कर सुनाया गया। कार्यक्रम में आशा सहयोगिनियों के योगदान और स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने आईसीडीएस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर निर्धारित दिवस पर आशा सहयोगिनियों की सहभागिता सुनिश्चित की।

‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में चिकित्सा प्रभारी डॉ. शरद नलवाया, डॉ. मुकेश चौधरी, सीडीपीओ सरोज काजोलिया, सुपरवाइजर रामु देवी, एएनएम सहित अन्य कार्मिकों ने सहभागिता निभाई।

अधिकारियों ने बताया कि आशा सहयोगिनी ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करती हैं। वे गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं की देखभाल, बच्चों के टीकाकरण, परिवार कल्याण, पोषण, स्वास्थ्य जागरूकता सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं को समुदाय तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कार्यक्रम के माध्यम से आशा सहयोगिनियों के योगदान को सार्वजनिक रूप से सम्मान मिला और जनकल्याणकारी सेवाओं से जुड़ी जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई।

Tags: