तस्वीर में गंगापुर में उपाध्यक्ष पद चुनाव परिणाम के बाद विक्ट्री साइन दिखाते समर्थक खड़े हैं।   

गंगापुर-भीलवाड़ा। गंगापुर नगरपालिका उपाध्यक्ष पद के चुनाव में एक बार फिर चौंकाने वाला परिणाम सामने आया। उपाध्यक्ष पद के लिए हुए निर्वाचन में कांग्रेस समर्थित रश्मि चौहान ने 16 मत हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा के रतनलाल जाट को 9 मत मिले। परिणाम घोषित होते ही नगरपालिका परिसर के बाहर रश्मि चौहान के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।

निर्वाचन अधिकारी की ओर से परिणाम की घोषणा किए जाने के साथ ही समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया। मिठाइयां बांटी गईं और आतिशबाजी कर जीत का उत्साह मनाया गया। समर्थकों ने नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष रश्मि चौहान का फूल-मालाओं से स्वागत किया।

गंगापुर नगरपालिका में अध्यक्ष पद पर प्रीति काकाणी के निर्वाचित होने के बाद अब उपाध्यक्ष पद पर भी रश्मि चौहान की जीत से पालिका की सियासत में नया समीकरण सामने आया है। उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रतनलाल जाट को 9 मत मिलने के बाद कांग्रेस खेमे ने बहुमत के साथ अपनी स्थिति मजबूत दिखाई।

जीत के बाद नवनिर्वाचित नगरपालिका अध्यक्ष प्रीति काकाणी और उपाध्यक्ष रश्मि चौहान सहित सभी पार्षदों का समर्थकों ने माल्यार्पण कर एवं साफा पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान नगरपालिका परिसर में काफी देर तक जश्न का माहौल बना रहा।

उपाध्यक्ष चुनाव को लेकर सुबह से ही नगरपालिका परिसर में राजनीतिक गतिविधियां तेज थीं। पार्षदों की आवाजाही और समर्थकों की मौजूदगी के बीच सभी की निगाहें मतदान परिणाम पर टिकी थीं। मतगणना के बाद जैसे ही रश्मि चौहान के पक्ष में 16 मत मिलने की घोषणा हुई, समर्थकों ने खुशी जाहिर करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी।

चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट रहा। ASP बुद्धराज टांक, DSP सुदर्शन पालीवाल और थाना प्रभारी पुरण मल मीणा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर तैनात रहे। नगरपालिका परिसर एवं आसपास सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैद रहा।

रश्मि चौहान की जीत के साथ गंगापुर नगरपालिका में अध्यक्ष प्रीति काकाणी के बाद उपाध्यक्ष पद पर भी नया राजनीतिक समीकरण बन गया है। अब नगरपालिका के आगामी कामकाज और बोर्ड की राजनीतिक दिशा पर सभी की नजरें रहेंगी।

Tags: