भीलवाड़ा। माण्डल थाना क्षेत्र के रावों का खेड़ा गांव में एक परिवार के तीन सदस्यों को पोल से बांधकर मारपीट करने और रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए मारपीट के वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की।

थानाधिकारी गजेन्द्र सिंह के अनुसार, 19 सितंबर को रावों का खेड़ा निवासी शांति देवी पत्नी नन्द लाल राव (56) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि मुलजिमों ने एकराय होकर उनके घर में घुसकर गाली-गलौज की और पीड़िता, उनके पुत्र व परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी उन्हें घर से बाहर ले गए और पोल (खंभे) से बांधकर बेरहमी से पीटा। आरोपियों ने जमीन के कागजात और 9 लाख रुपये की मांग की थी।

पुलिस पड़ताल में वारदात के पीछे पुरानी रंजिश सामने आई। 16 सितंबर को पक्षकार हिम्मत सिंह ने पीड़िता के पुत्र के खिलाफ उसकी बहन को भगा ले जाने व बंधक बनाने का मामला दर्ज कराया था। पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सागर राणा के निर्देशन में पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद सज्जन सिंह पिता अग्रसिंह राव, लादूलाल (74) पिता चुन्नीलाल राव, लाछूड़ा निवासी गोपाल सिंह (62) पिता बालू सिंह राव, चैन सिंह (70) पिता भैरू सिंह राव तथा श्रीमती लाड देवी (60) पत्नी चैन सिंह राव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद पांचों को गिरफ्तार कर लिया गया।

इससे पूर्व पुलिस ने हिम्मत सिंह व लक्ष्मण सिंह को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया था। मामले में पुलिस अब फरार अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

कार्रवाई में थानाधिकारी गजेन्द्र सिंह, उप निरीक्षक देवलाल, हेड कांस्टेबल श्याम सुंदर तथा कांस्टेबल राजेश कुमार, रमेश कुमार व रामदेव शामिल रहे। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के बाद हुई पुलिस कार्रवाई में अब तक महिला सहित पांच आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।

Tags: