भीलवाड़ा तुलसी शालिग्राम विवाह महोत्सव: 9 मंदिरों से निकली बारात
| गढ़बोर चारभुजानाथ हाथी पर सवार होकर मेडिसिटी ग्राउंड पहुंचे, जहां एक साथ 9 तोरण और सैकड़ों वेदियों पर विवाह संस्कार संपन्न होने से शहर में धार्मिक उत्साह रहा।
भीलवाड़ा में तुलसी शालिग्राम विवाह महोत्सव के दौरान बेवाण पर विराजित चारभुजानाथ की बारात शोभायात्रा.
भीलवाड़ा में शुक्रवार को 16108 श्री तुलसी शालिग्राम विवाह महामहोत्सव ने भक्ति और आस्था का ऐसा दृश्य प्रस्तुत किया, जिसने पूरे शहर को धर्ममय कर दिया। मेवाड़ धणी श्री गढ़बोर चारभुजानाथ हाथी पर सवार होकर तुलसी महारानीजी से विवाह रचाने बारात लेकर पहुंचे तो उनके स्वागत और दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। नौ मंदिरों से विराजित भगवान चारभुजानाथ की बारात, भव्य शोभायात्रा और एक साथ नौ तोरण की रस्म इस आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहे।
भीलवाड़ा, 20 नवंबर। धर्मनगरी भीलवाड़ा की पुण्यधरा पर शुक्रवार को 16108 श्री तुलसी शालिग्रामजी विवाह महामहोत्सव के तहत भव्य विवाह समारोह आयोजित हुआ। इसमें राजाधिराज मेवाड़ धणी श्री गढ़बोर चारभुजानाथ बारात लेकर पधारे। उनके साथ भीलवाड़ा के बड़े चारभुजानाथ, दूधाधारी गोपालजी, संजय कॉलोनी चारभुजानाथ, सांगानेर चारभुजानाथ, रावला चारभुजानाथ बिलिया, शेष सहायजी मांडल, दांथल श्याम और श्री सांवरिया सेठ नौगांवा भी बारात लेकर मेडिसिटी ग्राउंड पहुंचे। ठाकुरजी के आगमन पर पूरा आयोजन स्थल श्रद्धालुओं की मौजूदगी से भर गया।
दिव्य बारात शोभायात्रा सुबह आजादनगर स्थित एमपीएस स्कूल से रवाना हुई। बारात में मेवाड़ धणी श्री गढ़बोर चारभुजानाथ हाथी पर विराजमान थे। उनके पीछे भीलवाड़ा के बड़े चारभुजानाथ और अन्य मंदिरों के चारभुजानाथ अपने-अपने बेवाण वाहनों पर विराजित थे। श्रद्धालु भगवान के बेवाण के ऊपर चंवर ढोते हुए चल रहे थे। हजारों बाराती नाचते-गाते शोभायात्रा में शामिल हुए, जबकि शहरवासी भगवान और बारातियों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत कर रहे थे।
शोभायात्रा में हाथी, घोड़ा, पालकी और जय कन्हैयालाल की, जय चारभुजानाथ की जैसे जयकारे गूंजते रहे। बैंड की स्वर लहरियों पर विवाह के गीतों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। बारात कुंभा सर्किल और पन्नाधाय सर्किल होते हुए मेडिसिटी ग्राउंड पहुंची। यहां श्री तुलसी शालिग्राम विवाह महोत्सव सेवा समिति और श्री वल्लभ संकीर्तन सेवा संघ के सदस्यों के साथ आयोजन के सूत्रधार गौवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज, मुख्य आचार्य योगेन्द्र शर्मा और आयोजन समिति के अध्यक्ष राधेश्याम चेचाणी सहित हजारों श्रद्धालुओं ने बारात का स्वागत किया।
मेडिसिटी ग्राउंड में तोरण की रस्म के दौरान लगातार पुष्पवर्षा होती रही। मेवाड़ धणी श्री गढ़बोर चारभुजानाथ ने हाथी पर विराजमान होकर तोरण मारा तो इस अद्भुत दृश्य को देखने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह 11.15 बजे शुभ मुहूर्त में तोरण की रस्म संपन्न हुई। नौ मंदिरों से भगवान चारभुजानाथ के बारात लेकर पहुंचने के कारण विवाह पांडाल के मुख्य द्वार पर एक साथ नौ तोरण बांधे गए। इस रस्म को देखने के लिए मुख्य द्वार पर इतनी भीड़ जमा हो गई कि लोगों के लिए खड़े रहना भी मुश्किल हो गया। श्रद्धालु जयकारे लगाकर और नृत्य कर अपनी खुशी व्यक्त करते रहे।
तोरण की रस्म के बाद पाणिग्रहण संस्कार की तैयारियां शुरू हुईं। मुख्य पांडाल में सबसे आगे श्री गढ़बोर चारभुजानाथ के विवाह के लिए वेदी सजाई गई थी। उसके पीछे भीलवाड़ा के बड़े चारभुजानाथ की वेदी बनाई गई। मुख्य पांडाल में सभी नौ चारभुजानाथ के लिए अलग-अलग वेदियां सजाई गई थीं। इनके सामने तुलसीजी के धर्म माता-पिता बने यजमान परिवारों के सदस्य बैठे।
वहीं, एक अन्य विशाल पांडाल में सैकड़ों वेदियां सजाई गई थीं। प्रत्येक वेदी पर चार-चार जोड़े यजमान के रूप में मौजूद रहे और उन्होंने तुलसीजी का भगवान शालिग्राम के साथ विवाह संपन्न कराया। मंगलाचरण के साथ विवाह की रस्में शुरू हुईं। सबसे पहले तिलक किया गया और इसके बाद गठजोड़ा कराया गया। तुलसी महारानीजी के साथ भगवान चारभुजानाथ के फेरे के दौरान पूरा पांडाल जयकारों से गूंज उठा। मुख्य आचार्य योगेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों पंडितों ने पाणिग्रहण संस्कार और विवाह की सभी रस्में संपन्न कराईं।
महोत्सव में उदासीन आश्रम के महामंडलेश्वर हंसरामजी महाराज, संकटमोचन हनुमान मंदिर के महामंडलेश्वर बाबूगिरी महाराज और पंचमुखी बालाजी मंदिर रीको के पुजारी मुरारी पांडे भी पहुंचे। उन्होंने ठाकुरजी के दर्शन किए और महोत्सव में शामिल श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। साथ ही आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए उसे साधुवाद अर्पित किया।
विवाह महोत्सव का साक्षी बनने के लिए भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक अशोक कोठारी, पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया, नगर निगम महापौर जसवंत कंवर और उप महापौर राधेश्याम सोमाणी सहित विभिन्न अतिथि मंच पर पहुंचे। आयोजन के सूत्रधार गौवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। विवाह की रस्में पूरी होने के बाद शाम को सभी बारातों को विधिवत विदाई दी गई।
आयोजन समिति के संयोजक डॉ. एस.एन. गग्गड़ ने महामहोत्सव को सफल बनाने में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी कार्यकर्ताओं एवं भक्तों के प्रति आभार व्यक्त किया।
श्री गढ़बोर चारभुजानाथ के दर्शन को आतुर रहे श्रद्धालु
विवाह महोत्सव में बारात लेकर पहुंचे प्रत्येक चारभुजानाथ के दर्शन और आशीर्वाद के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह दिखाई दिया, लेकिन मेवाड़ धणी श्री गढ़बोर चारभुजानाथ के दर्शन को लेकर विशेष उत्सुकता रही। विवाह रचाने पहुंचे ठाकुरजी की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालु आतुर नजर आए। जिस मुख्य मंडप में ठाकुरजी का तुलसी महारानीजी के साथ पाणिग्रहण संस्कार हो रहा था, उसके चारों ओर हजारों श्रद्धालु एकत्रित हो गए।
भीलवाड़ा शहर के साथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग इस आयोजन में शामिल होने पहुंचे। श्रद्धालु विवाह वाले पांडाल के चारों ओर प्रदक्षिणा करते रहे और इस भव्य आयोजन का साक्षी बनकर आनंदित नजर आए।
शहर की सड़कों पर निकली अनूठी बारात, लोगों ने कहा- ऐसी बारात पहले नहीं देखी
तुलसी महारानीजी के साथ विवाह रचाने के लिए मेवाड़ धणी श्री गढ़बोर चारभुजानाथ सहित नौ मंदिरों में विराजित भगवान चारभुजानाथ की दिव्य बारात जब भीलवाड़ा की सड़कों से गुजरी तो जगह-जगह लोगों की भीड़ जुट गई। बारात के दर्शन के लिए लोग परिवार सहित घरों से बाहर निकले। श्रद्धालु हाथ जोड़कर ठाकुरजी के समक्ष नमन करते रहे। बारात जिस मार्ग से गुजरी, वहां लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस अनूठे दृश्य को देखकर शहरवासियों की जुबां पर यही बात रही कि भीलवाड़ा में ऐसी बारात पहले कभी नहीं देखी।
सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने समर्पित भाव से संभाली व्यवस्थाएं
श्री तुलसी शालिग्राम विवाह महामहोत्सव को सफल बनाने के लिए श्री तुलसी शालिग्राम विवाह महोत्सव सेवा समिति के तत्वावधान और श्री वल्लभ संकीर्तन सेवा संघ के संयोजन में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने दिन-रात सेवाएं दीं। आयोजन में समाज के प्रत्येक वर्ग के श्रद्धालुओं ने अपनी भागीदारी निभाई।
आयोजन समिति के सूत्रधार गौवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज, मुख्य आचार्य योगेन्द्र शर्मा, अध्यक्ष राधेश्याम चेचाणी, संयोजक डॉ. एस.एन. गग्गड़, सह संयोजक दिनेश विजयवर्गीय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष छगनलाल जैन और राजेन्द्र कचोलिया, उपाध्यक्ष हनुमान अग्रवाल, कार्यालय प्रभारी रजनीकांत आचार्य और गोपीकिशन पाटोदिया, कोषाध्यक्ष एस.एन. मूंदड़ा और कैलाश तोतला, महिला समिति की अध्यक्ष अलका जोशी, महिला उपाध्यक्ष ममता सुथार और मंजू तंबोली सहित कई पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों के निर्वहन में जुटे रहे। श्री वल्लभ संकीर्तन सेवा संघ के अध्यक्ष रमेशचन्द्र त्रिपाठी के नेतृत्व में संघ के कार्यकर्ताओं ने भी आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग दिया।
भीलवाड़ा में आयोजित 16108 श्री तुलसी शालिग्राम विवाह महामहोत्सव में नौ मंदिरों के भगवान चारभुजानाथ की एक साथ बारात, हाथी पर सवार होकर तोरण मारते मेवाड़ धणी श्री गढ़बोर चारभुजानाथ और सैकड़ों वेदियों पर संपन्न हुए विवाह संस्कार श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहे। हजारों भक्तों की सहभागिता और सैकड़ों कार्यकर्ताओं की सेवाओं से यह आयोजन भव्य धार्मिक समारोह के रूप में संपन्न हुआ।