नगर पालिका आम चुनाव-2026 के तहत नगर निगम पार्षद/सदस्य के निर्वाचन के लिए मतों की मतगणना में नियुक्त पर्यवेक्षकों एवं सहायकों का प्रशिक्षण 12 सितंबर को प्रातः 11.30 बजे नगर निगम परिसर स्थित महाराणा प्रताप सभागार (टाउन हॉल) में आयोजित किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) श्री जसमीत सिंह संधू ने बताया कि नगर निगम चुनाव के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रभारी अधिकारी, प्रशिक्षण प्रकोष्ठ संबंधित प्रावधानों, आदेशों एवं निर्देशों का समुचित अध्ययन कर प्रशिक्षण में सभी तथ्यों का समावेश सुनिश्चित करेंगे। इसका उद्देश्य मतगणना पर्यवेक्षकों एवं सहायकों को उत्कृष्ट एवं प्रभावी प्रशिक्षण प्रदान करना है।

प्रशिक्षण के दौरान मल्टी पोस्ट सिंगल वोट ईवीएम को खोलने के संबंध में प्रयोगात्मक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि मतगणना प्रक्रिया से जुड़े कार्मिकों को आवश्यक प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी मिल सके।

इसके साथ ही प्रभारी अधिकारी, मतगणना दल गठन तथा प्रभारी अधिकारी, सामान्य व्यवस्था को उनसे संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर एवं समुचित रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर पालिका आम चुनाव-2026 के तहत मतगणना प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए पर्यवेक्षकों एवं सहायकों का यह प्रशिक्षण प्रशासनिक तैयारियों का महत्वपूर्ण चरण है।

Tags: