तस्वीर में भीलवाड़ा में हाथ जोड़े खड़े मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और सांसद दामोदर अग्रवाल।

भीलवाड़ा में नगर निगम चुनाव के तहत भारतीय जनता पार्टी का चुनावी प्रचार चरम पर पहुंच गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आज भीलवाड़ा में भव्य रोड शो किया। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग और भाजपा कार्यकर्ता उमड़े। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। नगर निगम चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में निकाले गए इस रोड शो को पार्टी के बड़े शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा गया।

मुख्यमंत्री निर्धारित कार्यक्रम से करीब एक घंटे देरी से पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पहुंचे। यहां सांसद दामोदर अग्रवाल, पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया, लालचंद कटारिया, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी तथा विधायक अशोक कोठारी सहित जिलेभर के जनप्रतिनिधियों और भाजपा नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।


हेलीपैड से मुख्यमंत्री सांगानेरी गेट स्थित दूधाधारी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने धार्मिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। मंदिर के पुजारी ने उनका स्वागत किया। इस दौरान सांसद दामोदर अग्रवाल भी उनके साथ मौजूद रहे। पूजा-अर्चना के बाद दूधाधारी मंदिर से मुख्यमंत्री के भव्य रोड शो की शुरुआत हुई।

रोड शो दूधाधारी मंदिर से शुरू होकर नेहरू रोड, बड़ा मंदिर और सराफा बाजार होते हुए भीमगंज थाना पहुंचा। बड़ा मंदिर में भी मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना की। पूरे मार्ग में मुख्यमंत्री हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन स्वीकार करते रहे। रोड शो का पूरा मार्ग भाजपा के झंडों और उत्साही कार्यकर्ताओं से पटा नजर आया। हजारों की भीड़ के बीच कार्यकर्ताओं का उत्साह और समर्थन इस आयोजन में दिखाई दिया।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद रहीं। रोड शो के संपूर्ण रूट पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। रोड शो के समापन के बाद भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री के कार्यकर्ताओं से संवाद कार्यक्रम को लेकर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम में केवल निर्धारित लोगों को ही प्रवेश दिया गया। नगर निगम चुनाव के बीच मुख्यमंत्री का यह रोड शो भाजपा के चुनावी प्रचार में अहम शक्ति प्रदर्शन के रूप में सामने आया।

Tags: