विधायक अशोक कोठारी भीलवाड़ा में सड़क निर्माण कार्य का अधिकारियों के साथ निरीक्षण करते हुए।   

भीलवाड़ा। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और शहरी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रस्तावित पुलिस लाइन से जोधड़ास तक 100 फीट सड़क निर्माण कार्यों का विधायक अशोक कुमार कोठारी ने निरीक्षण किया। उन्होंने यूआईटी एवं अजमेर विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान विधायक कोठारी ने पुलिस लाइन के समीप निर्माणाधीन नाले, दीवार और सड़क निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और तकनीकी पहलुओं की जांच करते हुए अधिकारियों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप काम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विधायक कोठारी ने कहा कि सड़क निर्माण में आने वाले सभी अवरोधों का संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र निस्तारण किया जाए, ताकि परियोजना में अनावश्यक देरी न हो और निर्धारित समय सीमा में काम पूरा किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान पांडु नाले पर पुलिया निर्माण की आवश्यकता भी सामने आई। इस पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों को पुलिया निर्माण के लिए तकनीकी एवं वित्तीय प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिया बनने से भविष्य में आवागमन सुगम होगा और क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी।

विधायक कोठारी ने कहा कि शहर का सुनियोजित विकास, बेहतर यातायात व्यवस्था और नागरिकों को सुगम आवागमन उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। पुलिस लाइन से जोधड़ास तक प्रस्तावित 100 फीट सड़क शहर के विकास और यातायात व्यवस्था को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित होगी। निर्माण कार्यों में आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करवाकर परियोजना को समय पर पूरा कराया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारी अर्पित कोठारी, निजी सचिव गजेन्द्र सिंह राठौड़, संजय राठी, केदार जागेटिया, राघव आचार्य, विकास शर्मा, पार्षद प्रतिनिधि बादल सिंह, गोरधन सिंह कटार, राधेश्याम भड़ाना, अजय पाराशर एवं महेंद्र प्रजापत मौजूद रहे।

इसके अलावा यूआईटी के ओएसडी पुनीत गैलडा, एक्सईएन रामप्रसाद जाट, जेईएन रामेश्वर गुर्जर, एईएन गोपाल धाकड़, एईएन (विद्युत) कर्ण सिंह तथा एवीवीएनएल के एईएन नीरज शर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Tags: