भीलवाड़ा जिले में आपसी रंजिश के चलते खेत पर कृषि कार्य कर रही सास-बहू पर कुल्हाड़ी और सरिये से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में बहू गंभीर रूप से घायल हो गई। कारोई पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, जिले के परसरामपुरा गांव में खेत पर कृषि कार्य करते समय अचानक तबीयत बिगड़ने से 54 वर्षीय किसान की मौत हो गई।

सास-बहू पर हमले का आरोपी गिरफ्तार

जानकारी के अनुसार, भूणास निवासी लक्ष्मी पत्नी मोहनलाल गाडरी 21 नवंबर को अपनी सास जमू देवी के साथ खेत पर कृषि कार्य कर रही थी। इसी दौरान भूणास निवासी प्रहलाद पुत्र शिवलाल सोनी वहां पहुंच गया। दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर बोलचाल हो गई। विवाद बढ़ने पर प्रहलाद सोनी ने लक्ष्मी और जमू देवी पर कुल्हाड़ी व सरिये से जानलेवा हमला कर दिया।

हमले में लक्ष्मी को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं, जमू देवी का प्राथमिक उपचार करवाने के साथ मेडिकल परीक्षण कराया गया। घटना के संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी प्रहलाद सोनी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अब आरोपी से घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही हमले में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और सरिया बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

खेत पर काम करते समय किसान की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में मौत

इधर, जिले के परसरामपुरा गांव में मंगलवार को खेत पर कृषि कार्य कर रहे 54 वर्षीय किसान की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई।

गुलाबपुरा थाने के एएसआई जेठमल ने बताया कि परसरामपुरा निवासी रामलाल (54) पुत्र काना बैरवा मंगलवार सुबह अपने खेत पर कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तत्काल गुलाबपुरा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर किसान की मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Tags: