भीलवाड़ा विधायक कार्यालय में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती और समाचार पत्र वितरक दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक अशोक कुमार कोठारी के साथ उपस्थित समाचार पत्र वितरक संघ के प्रतिनिधि और स्थानीय नेता।

भीलवाड़ा में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती और समाचार पत्र वितरक दिवस के अवसर पर विधायक अशोक कुमार कोठारी ने उनके आदर्शों को याद करते हुए समाज में समाचार पत्र वितरकों के योगदान की सराहना की। गुरुवार, 15 अक्टूबर को विधायक कार्यालय में डॉ. कलाम को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस अवसर पर समाचार पत्र वितरक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए वितरकों के परिश्रम, समर्पण और समाज के प्रति उनकी भूमिका को सराहा गया।

विधायक अशोक कुमार कोठारी ने कहा कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का जीवन सादगी, संघर्ष, मेहनत और दृढ़ संकल्प की अद्भुत मिसाल है। साधारण परिवार से निकलकर देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचने वाले डॉ. कलाम ने अपनी प्रतिभा, समर्पण और राष्ट्रसेवा से पूरी दुनिया में भारत का गौरव बढ़ाया। देश के मिसाइल कार्यक्रम में उनके महत्वपूर्ण योगदान के कारण वे ‘मिसाइल मैन’ के नाम से प्रसिद्ध हुए। उनका जीवन युवाओं को बड़े सपने देखने, उन्हें साकार करने के लिए निरंतर मेहनत करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देता है।

कोठारी ने कहा कि डॉ. कलाम का व्यक्तित्व यह सिखाता है कि कोई भी काम छोटा नहीं होता। ईमानदारी, लगन और कर्तव्यनिष्ठा ही व्यक्ति को महान बनाती है। इसी भावना के अनुरूप समाचार पत्र वितरक भी विपरीत परिस्थितियों में सुबह-सुबह घर-घर समाचार पत्र पहुंचाकर समाज को देश-दुनिया की घटनाओं, ज्ञान और विचारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।

उन्होंने कहा कि समाचार पत्र वितरक समाज में जागरूकता के प्रसार की मजबूत कड़ी हैं। उनकी मेहनत से हजारों घरों की सुबह समाचारों के साथ होती है। विधायक ने सभी समाचार पत्र वितरक बंधुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके परिश्रम, समर्पण और स्वाभिमान को नमन किया। साथ ही डॉ. कलाम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर अपने कर्तव्य का निर्वहन करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का संचालन विधायक कार्यालय प्रभारी बाबूलाल टाक ने किया। इस दौरान समाचार पत्र वितरक संघ के अध्यक्ष अशोक खोईवाल, राजा राम जैन, भेरू लाल सिखवाल, रामेश्वर प्रजापत, किशोर लखवानी, घनश्याम तेली और कमलेश वैष्णव को साद साहित्य भेंट कर शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भगवान सिंह चौहान, पूर्व जिला उपाध्यक्ष कैलाश जीनगर, पार्षद प्रतिनिधि बहादुर सिंह, कमल कोठारी और विनोद मीणा, रचित रांका, गजेंद्र सिंह राठौड़, दिलीप सोनी, चेतन मानसिंहका, पृथ्वी राज सिंह, प्रिंस जैन और अजय पाराशर भी उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से डॉ. कलाम के जीवन मूल्यों को आत्मसात करने और समाज में समाचार पत्र वितरकों के योगदान को सम्मान देने का संदेश दिया गया।

Tags: