भीलवाड़ा विधायक कार्यालय में खाद्य सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते विधायक अशोक कुमार कोठारी और उपस्थित सदस्य।

भीलवाड़ा में खाद्य सुरक्षा योजना के पात्र उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा में गुणवत्तापूर्ण राशन उपलब्ध कराने और उचित मूल्य की दुकानों के संचालन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। राजस्थान सरकार के रसद विभाग के अंतर्गत गठित खाद्य सुरक्षा समिति के मनोनीत सदस्यों की बैठक बुधवार, 14 अक्टूबर को विधायक कार्यालय में विधायक अशोक कुमार कोठारी के सानिध्य में आयोजित हुई। बैठक में पात्र व्यक्तियों तक रसद सामग्री पहुंचाने, उसकी गुणवत्ता बनाए रखने और उचित मूल्य की दुकानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

विधायक अशोक कुमार कोठारी ने समिति सदस्यों को निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्र में कोई भी पात्र व्यक्ति खाद्य सुरक्षा योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप अंतिम पात्र व्यक्ति तक निर्धारित मात्रा में गुणवत्तापूर्ण रसद सामग्री पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। आमजन को राशन सामग्री प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

बैठक में शहर में रिक्त पड़ी उचित मूल्य की तीन नई दुकानों के लिए पात्र व्यक्तियों का चयन नियमानुसार करने के निर्देश भी दिए गए। विधायक कोठारी ने समिति सदस्यों से कहा कि वे समय-समय पर संबंधित अधिकारियों के साथ उचित मूल्य की दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण करें। इससे रसद सामग्री की मात्रा और गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने के साथ आमजन तक योजना का लाभ सुगमता से पहुंचाने में मदद मिलेगी।

इस संबंध में विधायक कोठारी ने जिला रसद अधिकारी विजेन्द्र पाल सिंह से दूरभाष पर वार्ता कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने पात्र उपभोक्ताओं को समय पर गुणवत्तापूर्ण रसद सामग्री उपलब्ध कराने पर जोर दिया, ताकि खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ निर्धारित पात्रता के अनुसार सभी जरूरतमंद उपभोक्ताओं तक पहुंच सके।

बैठक में समिति सदस्य संजय राठी, पवन लोढ़ा, शंकर गुर्जर, मधुबाला यादव एवं शरद सिंह चौहान सहित सुंदरलाल बंबोड़ा, बाबू लाल टाक, गजेंद्र सिंह, अर्पित कोठारी, कमल कोठारी और पृथ्वी सिंह उपस्थित रहे।

Tags: