भीलवाड़ा जिले में अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिगोद थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध बजरी से भरे सात ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई के साथ अवैध बजरी माफिया के खिलाफ शिकंजा कसते हुए संबंधित प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) राजेश आर्य एवं वृत्ताधिकारी माण्डलगढ़ योगेश शर्मा के निर्देशन में बिगोद थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। अभियान के दौरान बिगोद पुलिस थाने के हेड कांस्टेबल हरीराम अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे।

गश्त के दौरान पुलिस टीम ने सिंगोली से ग्राम देवलिया की ओर आने वाले मार्ग पर घेराबंदी की। इसी दौरान अवैध बजरी भरकर ले जा रहे सात ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोककर पहले डिटेन किया गया और बाद में उन्हें जब्त कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार ट्रैक्टर चालकों, मालिकों तथा उनके सहयोगियों द्वारा संगठित गिरोह बनाकर अवैध बजरी का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा था। इस संबंध में पुलिस ने प्रकरण संख्या 167/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2), 303(2) तथा 4/21 एमएमडीआर एक्ट के तहत मामला पंजीकृत किया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई जिले में अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस की सख्त कार्रवाई को दर्शाती है।

Tags: