भीलवाड़ा के घासीखेड़ा सरकारी स्कूल में चोरी की वारदात के बाद मौके पर निरीक्षण करते पुलिस अधिकारी।  

भीलवाड़ा में सरकारी स्कूलों को चोर लगातार निशाना बना रहे हैं। कोटड़ी थाना क्षेत्र के रीठ गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में चोरी की वारदात के बाद अब फूलियाकलां थाना क्षेत्र के घासीखेड़ा गांव स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल में चोरों ने सेंध लगा दी। यहां से कंप्यूटर, प्रिंटर, गैस टंकी, खेल सामग्री, बर्तन सहित हजारों रुपए की सरकारी संपत्ति चोरी कर ली गई। लगातार दो सरकारी स्कूलों में हुई चोरी की घटनाओं ने स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, चोरों ने घासीखेड़ा स्कूल को निशाना बनाते हुए वहां रखे इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरणों सहित अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की जानकारी मिलने पर संस्था प्रधान सांवरिया लाल गुर्जर, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और वारदात की जानकारी जुटाई। इस दौरान ग्रामीणों ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग की।

इससे पहले शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि को कोटड़ी थाना क्षेत्र के रीठ गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में भी चोरी हुई थी। चोरों ने स्कूल के ताले तोड़कर कंप्यूटर कक्ष को निशाना बनाया और वहां से मॉनिटर, सीपीयू तथा वेब कैमरा जैसे उपकरण चुरा लिए थे। इस मामले में प्रधानाध्यापिका ने कोटड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। फिलहाल पुलिस को इस वारदात में ऐसा कोई सुराग नहीं मिला है, जिसके आधार पर चोरों तक पहुंचा जा सके।

रीठ स्कूल में हुई चोरी के बाद भी स्कूलों की सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम नहीं होने के बीच घासीखेड़ा में दूसरी वारदात सामने आने से ग्रामीणों में रोष है। लगातार दो सरकारी स्कूलों को निशाना बनाए जाने से शिक्षा विभाग और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने दोनों चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने, आरोपियों को गिरफ्तार करने और सरकारी स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की मांग की है।

Tags: