भीलवाड़ा जिले के रायपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को थला इलाके के निकट मछुआरों से भरी एक पिकअप को पीछे से आयशर ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पिकअप बेकाबू होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में पिकअप में सवार 13 मछुआरे घायल हो गए। सभी घायलों को रायपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद आठ घायलों को बेहतर इलाज के लिए भीलवाड़ा के महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।

रायपुर थाने के दीवान विक्रम सिंह ने बताया कि सभी मछुआरे पिकअप में सवार होकर करेड़ा से रायपुर की ओर जा रहे थे। उनके पीछे उनकी ही फर्म का आयशर ट्रक चल रहा था। थलां और गायरीखेड़ा के बीच ट्रक ने पीछे से पिकअप को टक्कर मार दी, जिससे वह अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। 108 एंबुलेंस की मदद से सभी 13 घायलों को नजदीकी रायपुर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद आठ गंभीर रूप से घायल लोगों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भीलवाड़ा के महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।

हादसे में शरीफ पुत्र मोहम्मद हनीफ निवासी सरकोट, यूपी, नदीम पुत्र चंदा हुसैन निवासी कासीपुर, उत्तराखंड, बिहार के जाताड़ी निवासी सजीत पुत्र जगदेव साहनी, नवीन पुत्र संजीत मल्हार, लक्ष्मण पुत्र विनोद साहनी, देवेंद्र पुत्र महावीर साहनी, बंदापुर, यूपी निवासी राजकुमार पुत्र रामचंद्र जाट, नरदेव पुत्र सत्यनारायण मांजी निवासी नोरवा, बिहार, मोहम्मद नौशाद पुत्र अहमदबक्ष निवासी धामपुर, यूपी, फेजल पुत्र शाहिद दर्जी निवासी परोली, यूपी, सादाब पुत्र खालिद निवासी धामपुर, यूपी, अभिशेक पुत्र चंद्रभान ठाकुर निवासी सहजनी, यूपी और पटियाला, पंजाब निवासी जलील अहमद पुत्र शफीक मोहम्मद घायल हुए हैं।

पुलिस ने हादसे के बाद दोनों वाहनों को थाने पर डिटेन कर लिया है। दुर्घटना में घायल सभी 13 मछुआरों का उपचार शुरू किया गया, जबकि आठ घायलों को गंभीर हालत के चलते भीलवाड़ा रेफर किया गया।

Tags: