भीलवाड़ा में दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली सरस घी समेत 123 किलोग्राम अमानक और अवधिपार खाद्य सामग्री नष्ट करवाई। ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई में बिना वैध खाद्य लाइसेंस संचालित प्रतिष्ठान से सड़ा-गला, कीटग्रस्त और सिंथेटिक रंगों से युक्त खाद्य पदार्थ बरामद किए गए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को भीलवाड़ा के आज़ाद चौराहा स्थित मैसर्स शिव भोलेनाथ ट्रेडर्स पर औचक और सघन निरीक्षण किया। दीपावली के पावन पर्व पर आमजन को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से यह अभियान चलाया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान सामने आया कि संबंधित प्रतिष्ठान बिना किसी वैध खाद्य लाइसेंस के संचालित हो रहा था। दुकान में रखी खाद्य सामग्री की जांच करने पर टीम को भारी मात्रा में अवधिपार, सड़ी-गली और सिंथेटिक रंगों से युक्त मिलावटी सामग्री मिली। इसके बाद जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए टीम ने कुल 123 किलोग्राम अमानक खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट करवाई, ताकि उसका इस्तेमाल या बाजार में बिक्री नहीं हो सके।

नष्ट की गई सामग्री में 25 किलोग्राम खराब एवं सिंथेटिक रंगों से निर्मित सॉस, 18 किलोग्राम इल्ली लगा हुआ मक्का दलिया, 16 किलोग्राम खराब पापड़ व पापड़ कतरन, 12 किलोग्राम मुरमुरे, 10 किलोग्राम आचार और 5 किलोग्राम नकली सरस घी शामिल है।

इसके अलावा प्रतिष्ठान से अवधिपार पावभाजी पैकेट, एमडीएच देगी लाल मिर्च, ड्राई फ्रूट्स, मल्टीग्रेड आटा और बालाजी चना दाल भी भारी मात्रा में बरामद किए गए।

सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए मिठाई, मावा, दूध, पनीर, घी और अन्य खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए विभाग का विशेष निरीक्षण और नमूनाकरण अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दीपावली के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के बीच विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटी और अवधिपार सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने के प्रयासों को गति मिली है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों तक खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

Tags: