भीलवाड़ा: बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट, सोने के आभूषण लूटे
जहाजपुर थाना क्षेत्र में घर के बाहर निकली 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला को बदमाशों ने बंधक बनाकर पीटा और गले से सोने के आभूषण लूटकर फरार हो गए।
भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर थाना क्षेत्र में आधी रात घर से बाहर निकली 80 वर्षीय महिला को दो से तीन बदमाशों ने निशाना बनाया। बदमाश महिला को उठाकर करीब 20 फीट दूर एकांत में ले गए, जहां मारपीट कर ब्लेड से वार किया और गले में पहने सोने के तीन मांदलिया व रामनामी लूटकर फरार हो गए। महिला की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचने लगे तो बदमाश बाइक लेकर भाग निकले। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सरसिया चौराहा, भवानीपुरा निवासी केसरलाल पुत्र रामदयाल मीणा ने अपनी मां गट्टू देवी के साथ हुई लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया कि गट्टू देवी बीती रात अपनी ननद और पति रामदयाल मीणा के साथ घर में लगे टीन शेड के नीचे सो रही थीं।
देर रात लघुशंका के लिए उनकी नींद खुली और वह घर से बाहर निकलीं। इसी दौरान वहां मौजूद दो से तीन बदमाशों ने उन्हें दबोच लिया और उठाकर करीब 20 फीट दूर एकांत स्थान पर ले गए। वहां बदमाशों ने बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट की और ब्लेड से वार करते हुए उनके गले में पहने सोने के तीन मांदलिया व रामनामी छीन ली।
छीना-झपटी के दौरान ब्लेड लगने से गट्टू देवी के चेहरे पर चोट आई। महिला ने शोर मचाया तो उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके की ओर पहुंचने लगे। लोगों को आता देख बदमाश अपनी बाइक पर सवार होकर वहां से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने जहाजपुर थाने में सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर पीड़ित परिवार से वारदात के संबंध में जानकारी जुटाई। आसपास के क्षेत्र में बदमाशों की तलाश भी की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
आधी रात घर के बाहर निकली बुजुर्ग महिला को निशाना बनाकर मारपीट और लूट की इस वारदात से जहाजपुर थाना क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। अब पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की चुनौती है।