भीलवाड़ा: दशलक्षण पर्व का समापन, शाही पारणा महोत्सव में शामिल होंगे अंकिता-विक्की
उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म पूजन के साथ दशलक्षण महापर्व संपन्न हुआ। तपस्वियों के शाही पारणा में अंकिता लोखंडे और विक्की जैन शिरकत करेंगे।
भीलवाड़ा में आचार्य श्री के समक्ष नतमस्तक होकर आशीर्वाद लेते श्रद्धालु।
श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर ट्रस्ट, मैन सेक्टर शास्त्रीनगर के तत्वावधान में सकल दिगम्बर जैन समाज की ओर से भीलवाड़ा में पहली बार चातुर्मास कर रहे राष्ट्र संत मनोज्ञाचार्य पुलकसागरजी महाराज ससंघ के सानिध्य में शास्त्रीनगर स्थित सूर्यमहल में चल रहे दशलक्षण (पर्युषण) महापर्व का शुक्रवार, 25 सितम्बर को अनंत चतुर्दशी पर उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म की आराधना के साथ समापन हुआ। इसी के साथ पर्युषण में आयोजित पाप नाशनम् शिविर का भी समापन हुआ।
पर्युषण के दौरान 30 तपस्वियों ने 10 दिन के उपवास और 40 तपस्वियों ने 5 दिन के उपवास किए। इन तपस्वियों का शाही पारणा महोत्सव शनिवार सुबह सूर्यमहल में आचार्य पुलकसागर महाराज ससंघ के सानिध्य में आयोजित होगा। इसमें बिग बॉस फेम मशहूर टीवी स्टार अंकिता लोखंडे एवं निर्माता विक्की जैन मौजूद रहकर तपस्वियों की अनुमोदना करेंगे।
दशलक्षण पर्व के अंतिम दिन उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म का पूजन एवं आराधना की गई। भगवान का अभिषेक करने और भक्ति के दौरान श्रावक-श्राविकाएं झूम उठे तथा नाचते-गाते रहे। आचार्य पुलकसागर महाराज ने उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म का संदेश देते हुए कहा कि जो संसार को छोड़ आत्मा में रमण करता है, वहीं उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म का पालन करता है। वासनाओं यानी इच्छाओं के चक्रव्यूह से निकले बिना परमात्मा के दर्शन संभव नहीं हैं। प्रकृति और संसार की व्यवस्था के कारण वासना से पैदा होना हमारी मजबूरी हो सकता है, लेकिन वासना में जीना और मरना हमारी मजबूरी नहीं हो सकती। हमारे और परमात्मा के मध्य वासना का पर्दा है।
आचार्यश्री ने कहा कि जन्म-मरण की श्रृंखला वासनाओं का परिणाम है। अधूरी वासनाएं रह जाती हैं तो उन्हें पूर्ण करने के लिए आत्मा बार-बार जन्म-मरण करती है। आत्मा का कल्याण करना है तो संसार का त्याग करना होगा। इच्छाओं की पूर्ति करने से वे कभी पूर्ण नहीं होतीं। हमारी जिंदगी पूरी हो जाती है, लेकिन इच्छाएं पूरी नहीं होतीं। इच्छाओं का त्याग किए बिना संसार छूटने वाला नहीं है।
उन्होंने कहा कि एक उम्र के बाद हमारी इन्द्रियां थक जाती हैं और शरीर जवाब दे जाता है, लेकिन मन कभी थकता नहीं है। जब मृत्यु का समय नजदीक आए तो धन-दौलत की बजाय संयम और चारित्र को जोर से पकड़ लेना चाहिए। जो अंतिम समय तक वासना में जीते हैं, वे नरक और अधोगति में जाने वाले होते हैं।
आचार्य पुलकसागर महाराज ने कहा कि समाधि मरण की भावना को साकार करना है तो इच्छाओं को नियंत्रित करना होगा। ऐसा संयमित जीवन जीना चाहिए कि हमारी अंतिम यात्रा लेटकर नहीं, बैठकर निकले और समाधिमरण को प्राप्त कर सकें। जब भी मृत्यु हो, सम्मेदशिखर की माटी पर महाप्रयाण हो, ऐसी भावना रखनी चाहिए। अंतिम समय परिवार की बजाय भगवान का नाम लेते हुए गुजरेगा तो जीवन सार्थक होगा।
उन्होंने दस दिवसीय पाप नाशनम शिविर में 16 घंटे धर्म साधना में बिताने वाले सभी श्रावक-श्राविकाओं के प्रति मंगलभावना व्यक्त करते हुए कहा कि पर्युषण की धर्म आराधना में जो सीखा, उसे जीवन में अंगीकार करने का प्रयास करें। जो सुख सत्संग में प्राप्त होता है, वह बैकुण्ठ में भी प्राप्त नहीं हो सकता। दशलक्षण पर्व हमारी जिंदगी में बदलाव लाने वाला हो।
श्री पुलकसागर चातुर्मास समिति के अध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने बताया कि पर्युषण के अंतिम दिन चक्रवती बनकर भगवान का अभिषेक करने का सौभाग्य निर्मल, ललिता कासलीवाल सरवाड़े वाले एवं शैलेन्द्र, सीमा, दर्श पाटनी ने प्राप्त किया। शांतिधारा का सौभाग्य राजेन्द्र, ललिता गंगवाल एवं महावीरप्रसाद, संदीप बाकलीवाल ने प्राप्त किया। सांयकालीन महाआरती का सौभाग्य सीमा बत्रा प्रतापगढ़ ने प्राप्त किया।
चातुर्मास समिति के संयोजक मनीष शाह एवं सह संयोजक लोकेश अजमेरा के अनुसार दशलक्षण पर्व के दौरान 10 दिन की तप आराधना यानी उपवास करने वाले श्रावक-श्राविकाओं की भव्य सामूहिक थालोड़ी का आयोजन शनिवार सुबह 7.30 बजे किया जाएगा। आचार्य पुलकसागर महाराज ससंघ के सानिध्य में शाही पारणा महोत्सव से पहले सूर्यमहल से शास्त्रीनगर मूलनायक श्री पार्श्वनाथ भगवान के दर्शन के लिए तपस्वियों की शाही बग्गियों में प्रभावना यात्रा निकाली जाएगी।
शाही पारणा महोत्सव में तपस्वियों की अनुमोदना के लिए मौजूद रहने वाले बिग बॉस फेम मशहूर टीवी स्टार अंकिता लोखंडे एवं निर्माता विक्की जैन विशेष आकर्षण का केन्द्र रहेंगे। अंकिता लोखंडे ने पवित्र रिश्ता टीवी सीरियल से अपने कॅरियर की शुरुआत की। इसके बाद वह स्मार्ट जोड़ी, झलक दिखला जा, कॉमेडी सर्कस, लॉफ्टर शेफ, बिग बॉस जैसे टीवी शो में आ चुकी हैं। वह वीर सावरकर, मणिकर्णिका, बागी-3, आम्रपाली जैसी फिल्मों में भी अभिनय कर चुकी हैं। कई प्रसिद्ध ब्रॉड के एड में भी वह आ चुकी हैं।
इसी तरह विक्की जैन निर्माण के साथ अभिनय के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। वह स्मार्ट जोड़ी-1, बिग बॉस-17, फौजी-2, लॉफ्टर शेफ जैसे कई टीवी शो में आ चुके हैं। वह सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
इस दौरान भीलवाड़ा नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर जसवंत कंवर एवं उप महापौर राधेश्याम सोमानी ने आचार्य पुलकसागर महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उनके साथ आशीर्वाद लेने वालों में पार्षद मोहनी माली, सुरेन्द्रसिंह मोटरास, रमेश खोईवाल, प्रेमदेवी खोईवाल, नरेन्द्र राठौड़, सागर माली आदि भी शामिल थे।
आचार्यश्री ने महापौर, उप महापौर और पार्षदों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि हमेशा घर से बड़ी पीड़ा लोगों की पीड़ा को समझना और ईश्वर ने नर सेवा के रूप में नारायण सेवा का अवसर दिया है। समर्पित भाव से शहर के विकास एवं सर्वजन सुख के लिए कार्य करना। महापौर, उप महापौर एवं पार्षदों का श्री पुलकसागर चातुर्मास समिति के अध्यक्ष प्रवीण चौधरी एवं अन्य पदाधिकारियों ने स्वागत-अभिनंदन किया।