तस्वीर में छोंकरवाड़ा कलां गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग 21 के पास एक पीली जेसीबी मशीन पक्के निर्माण को तोड़ते हुए नजर आ रही है, और आसपास भीड़ मौजूद है।

भुसावर उपखंड क्षेत्र के गांव छोंकरवाड़ा कलां में राष्ट्रीय राजमार्ग 21 पर प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण की तैयारी के तहत शुक्रवार सुबह प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पक्के अतिक्रमण हटाए। अभियान के दौरान पुलिस जाब्ते एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में चार जेसीबी और हाइड्रा मशीनों की सहायता से सड़क मार्ग पर बने पक्के निर्माण हटाए गए।

मिली जानकारी के अनुसार, खेरली मोड थाना प्रभारी पवन यादव ने बताया कि खेरली मोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव छोंकरवाड़ा कलां में केंद्र सरकार के सड़क परिवहन मंत्रालय द्वारा फ्लाईओवर का निर्माण कार्य कराया जाना प्रस्तावित है। इसी के मद्देनजर भुसावर उपखंड अधिकारी के निर्देशन में शुक्रवार सुबह अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।

कार्रवाई को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए चार थानों का पुलिस जाब्ता मौके पर तैनात किया गया। इसके अलावा पुलिस लाइन भरतपुर से 3 दर्जन अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को भी बुलाया गया। पुलिस और प्रशासन की निगरानी में चार जेसीबी एवं हाइड्रा मशीन की मदद से राष्ट्रीय राजमार्ग 21 के सड़क मार्ग पर बने पक्के अतिक्रमण हटाए गए। प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण कार्य के लिए की गई यह कार्रवाई प्रशासन की ओर से निर्धारित योजना के तहत संपन्न कराई गई।

Tags: