तस्वीर में भुसावर में पीले रंग की विशेष टी-शर्ट पहने शिव भक्त कांवड़ यात्रा के लिए खड़े नजर आ रहे हैं।

भुसावर से शिव कांवड़ सेवा समिति तहसील भुसावर, भरतपुर और मां नगरकोट ज्वाला एवं चामुण्डा मां भक्त मण्डल के संयुक्त तत्वावधान में प्रथम डांक कांवड़ यात्रा बुधवार, 05 अगस्त को हर की पौड़ी, हरिद्वार से गंगाजल लेने के लिए 31 शिव भक्तों के दल के साथ रवाना हुई। महाकाल के जयकारों और “भोले की फौज करेगी मौज” के उद्घोष के बीच श्रद्धालु वाहन में सवार होकर हरिद्वार के लिए प्रस्थान किए।

भक्त मण्डल के सदस्य एवं नगरपालिका भुसावर के निवर्तमान पार्षद रामस्वरुप सैनी तथा बन्टी भगत ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम शिव डांक कांवड़ यात्रा का शुभारंभ कस्बे के नयागांव सड़क मार्ग स्थित कुण्डा के पास मां नगरकोट वाली और मां चामुण्डा देवी मंदिर में विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना के साथ किया गया।

इसके बाद श्रद्धालु बैण्ड-बाजे की मधुर धुनों पर भजनों के साथ नृत्य करते हुए और भगवान के गगनचुंबी जयकारे लगाते हुए शहर परिक्रमा पर निकले। यात्रा के दौरान ठाकुर गणेश मंदिर, राजा मण्डी के पास पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने मस्तक पर रोली का तिलक लगवाकर अपने से बड़ों के चरण स्पर्श किए और सकुशल एवं मंगलमय डांक कांवड़ लाने का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इसके उपरांत 31 शिव भक्तों का दल वाहन से हर की पौड़ी, हरिद्वार के लिए रवाना हुआ, जहां सभी श्रद्धालु स्नान करने के बाद डांक कांवड़ उठाएंगे। इसके पश्चात 11 अगस्त, मंगलवार को सावन माह की महाशिवरात्रि के अवसर पर भोले की मर्जी अनुसार विद्वान पण्डितों द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ शिवालय में गंगाजल से जलाभिषेक किया जाएगा। साथ ही विश्व शांति एवं मानव कल्याण की भावना को लेकर हवन में आहुतियां भी प्रदान की जाएंगी।

Tags: