भुसावर के दयापुर गांव में पशु चारे की कड़वी में भीषण आग, तीन पशुपालकों का चारा राख
| अज्ञात कारणों से लगी आग पर ग्रामीणों ने धूल-मिट्टी और पानी की मदद से काबू पाया, जिससे आसपास रखा अन्य पशुपालकों का चारा बच गया।
भुसावर के दयापुर गांव में पशु चारे के ढेर में लगी आग और पास खड़े ग्रामीण दिख रहे हैं।
भुसावर थाना क्षेत्र के दयापुर गांव में बुधवार को पशु चारे की कड़वी के ढेरों में अचानक आग लगने से तीन पशुपालकों का चारा जलकर पूरी तरह राख हो गया। अज्ञात कारणों से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
नयागांव निवासी मोहन सिंह जाटव ने बताया कि दयापुर गांव में पशु चारे की कड़वी में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने आसपास रखे चारे के ढेरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान परभाती, शेर सिंह एवं मक्खन सिंह जाटव की पशु चारे की कड़वी जलकर पूरी तरह खाक हो गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और धूल-मिट्टी व पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। ग्रामीणों की तत्परता से आसपास अन्य पशुपालकों की ओर से रखे गए पशु चारे को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। हालांकि, आगजनी में तीन पशुपालकों का चारा पूरी तरह नष्ट होने से उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण अज्ञात है।