वीरमपुरा गांव में वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी अवैध आरा मशीन के जब्त पहिए के साथ खड़े दिख रहे हैं।

भुसावर/भरतपुर। क्षेत्र में अवैध आरा मशीनों के संचालन और हरे पेड़ों की कटाई को लेकर प्रातःकाल समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के बाद वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विभाग की टीम ने वीरमपुरा गांव में दबिश देकर अवैध रूप से संचालित सात आरा मशीनों को जब्त कर सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान विभिन्न प्रजातियों की करीब 467 क्विंटल लकड़ी भी बरामद कर सील की गई।

दरअसल, प्रातःकाल में प्रकाशित खबर के माध्यम से वैर और आसपास के क्षेत्रों में अवैध आरा मशीनों के संचालन, लकड़ी की अवैध कटाई और विभागीय कार्रवाई के बावजूद मशीनें दोबारा शुरू होने के मामलों को प्रमुखता से उठाया गया था। खबर में वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए क्षेत्र में 100 से अधिक अवैध आरा मशीनें संचालित होने की शिकायतों का भी उल्लेख किया गया था।

इसके बाद वन विभाग ने अवैध आरा मशीनों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया। जानकारी के अनुसार, उप वन संरक्षक (DCF) पी. बाला मुरुगन के निर्देश पर क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रतिभा के नेतृत्व में रेंज स्टाफ की टीम ने वीरमपुरा गांव में दबिश दी। इस दौरान अवैध रूप से संचालित सात आरा मशीनों को जब्त कर सील किया गया। टीम ने मशीनों के पहिए भी जब्त किए। मौके से चिरी हुई और बिना चिरी हुई विभिन्न प्रजातियों की करीब 467 क्विंटल लकड़ी बरामद हुई, जिसे भी सील कर दिया गया।

वन विभाग ने यह कार्रवाई राजस्थान वन उपज (आरा मिलों की स्थापना एवं विनियमन) नियम, 1983 के तहत की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध आरा मशीनों का संचालन करने और वन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

प्रातःकाल में खबर प्रकाशित होने के बाद हुई इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध लकड़ी कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हालांकि, क्षेत्रवासियों का कहना है कि कार्रवाई केवल वीरमपुरा गांव तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। वैर और आसपास के गांवों में संचालित संदिग्ध आरा मशीनों की भी निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए, ताकि हरे पेड़ों की कटाई और अवैध लकड़ी के कारोबार पर स्थायी रूप से रोक लगाई जा सके।

Tags: