भुसावर से 41 शिवभक्तों का जत्था द्वितीय डांक कांवड़ के लिए कछला घाट सोरों जी रवाना
भुसावर से 41 शिवभक्तों का जत्था द्वितीय डांक कांवड़ यात्रा के लिए कछला घाट सोरों जी रवाना हुआ। 10 अगस्त को होगा सामूहिक जलाभिषेक।
तस्वीर में भुसावर में कछला घाट सोरों जी के लिए रवाना होने से पहले वाहन के पास खड़े और बैठे हुए शिवभक्त नजर आ रहे हैं।
भुसावर से सावन मास की पावन वेला में धर्म, आस्था और शिव भक्ति के संगम के बीच 41 शिवभक्तों का जत्था द्वितीय डांक कांवड़ यात्रा के लिए कछला घाट सोरों जी रवाना हुआ। शिव कांवड़ सेवा समिति भुसावर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यात्रा के दौरान शिवभक्त भगवान शिव के जयकारों और शिवमय भजनों पर नृत्य करते हुए रवाना हुए।
कस्बे के कुण्डा सड़क मार्ग स्थित बड़वाले शिम्भू मन्दिर में विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना के बाद शिवभक्तों ने शहर परिक्रमा की। इसके बाद ठाकुर गणेश मन्दिर राजा मण्डी के पास विशेष पूजा-अर्चना की गई। शिवभक्तों ने मस्तक पर रोली का टीका लगवाकर अपने बड़ों के चरण स्पर्श किए और सकुशल एवं मंगलमय यात्रा के लिए आशीर्वाद लिया। इसके बाद 41 शिवभक्तों का जत्था वाहनों में सवार होकर कछला घाट सोरों जी के लिए रवाना हुआ।
रवानगी के दौरान गगनचुम्बी जयकारों के साथ डीजे पर शिवमय भजन बजते रहे और शिवभक्त नृत्य करते हुए नजर आए। इस अवसर पर भक्तों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। रवानगी से पूर्व शिवभक्तों ने कछला घाट सोरों जी स्थित मन्दिर में अपने परिवार के साथ विशेष पूजा-अर्चना कर मनोकामनाएं भी मांगीं।
बड़वाले शिम्भू मन्दिर के भक्त मंडल के सदस्य शिब्बो शिवदयाल प्रजापत, सम्पत सैनी, पिन्टू प्रजापत और मुरारी सहित शिवभक्तों ने बताया कि पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी सावन मास में शिव कांवड़ सेवा समिति भुसावर के तत्वावधान में द्वितीय शिव डांक कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया है। 08 अगस्त शनिवार को बड़वाले शिम्भू मन्दिर में पूजा-अर्चना के बाद शहर परिक्रमा करते हुए ठाकुर गणेश मन्दिर से 41 शिवभक्तों का दल वाहन में सवार होकर कछला घाट सोरों जी के लिए रवाना हुआ।
शिवभक्त कछला घाट सोरों जी से गंगाजल लेकर लौटेंगे। इसके बाद 10 अगस्त, प्रदोष सोमवार को भोले की मर्जी अनुसार विद्वान पंडितों द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ बड़वाले शिम्भू मन्दिर में गंगाजल से सामूहिक रूप से जलाभिषेक किया जाएगा। विश्व शांति एवं मानव कल्याण की भावना को लेकर हवन में आहुतियां भी प्रदान की जाएंगी।