गुरु पूर्णिमा पर भुसावर में गुरुवंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम शुरू, 21 स्कूल होंगे शामिल
भुसावर में गुरु पूर्णिमा पर भारत विकास परिषद ने गुरुवंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम शुरू किया, 21 विद्यालयों में होगा आयोजन और सम्मान।
तस्वीर में दिख रही भुसावर के एक स्कूल की इस दृश्य में भारत विकास परिषद के सदस्य एक छात्र को दुपट्टा पहनाकर और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते नजर आ रहे हैं।
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भुसावर कस्बे में भारत विकास परिषद की स्थानीय शाखा की ओर से गुरुवंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। संस्कार प्रकल्प के तहत आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत कस्बे के नौ सरकारी व गैर सरकारी विद्यालयों में की गई। शाखा की ओर से इस आयोजन के लिए कुल 21 शिक्षण संस्थानों को चिन्हित किया गया है।
कार्यक्रम का संचालन शाखा गतिविधि संयोजक संस्कार रोहित सिंघल और प्रभारी शेरसिंह सैनी के नेतृत्व में किया गया। शाखा गतिविधि संयोजक सेवा ताराचंद गोयल और संयोजक सम्पर्क बृजेश जिन्दल ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत विकास परिषद के संस्कार प्रकल्प के अंतर्गत भारतीय गुरु-शिष्य संबंधों की आदर्श परम्परा के संरक्षण और संवर्द्धन के उद्देश्य से कस्बे के सरकारी व गैर सरकारी विद्यालयों में प्रतिवर्ष गुरुवंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।
इस कार्यक्रम के तहत प्रत्येक विद्यालय में एक सर्वश्रेष्ठ शिक्षक और एक सर्वश्रेष्ठ छात्र का चयन कर सम्मान किया जाता है। शाखा संरक्षक देवकीनंदन सोनी और अध्यक्ष नीरज शर्मा के मार्गदर्शन में भुसावर के प्रेम पब्लिक स्कूल, गांधी ज्योति स्कूल, स्पार्कल किडस एकेडमी, दीवान पब्लिक स्कूल, सुलभ माध्यमिक विद्यालय, चेतन विद्या मंदिर, माॅर्डन जगदम्बा स्कूल एवं दोनों सरकारी सीनियर स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान इन विद्यालयों के शिक्षक रामकेश सैनी, रेनू शर्मा, हेमलता शर्मा, मोहनसिंह, रेनू आर्य, अनिता कुमारी, सीमा सिंह, शिशुभान मीणा, कोशलेन्द्र कुमार तथा विद्यार्थी दुष्यंत, देवेश, प्रीति, यशराज, नंदिनी, साक्षी, आदया, अंशु और मानवी को दुपट्टा पहनाकर एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर शाखा के वरिष्ठ सदस्य प्रकाश जैमन और राजवीर सिंह ने गुरुवंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि भारत विकास परिषद की शाखाओं की ओर से भारतीय गुरु-शिष्य परम्परा को जागरूक रखने के लिए पूरे देश में यह आयोजन किया जाता है। शाखा सचिव राजेन्द्र गर्ग और कोषाध्यक्ष राजेश गोयल ने भारत विकास परिषद के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम भुसावर कस्बे के 21 सरकारी व गैर सरकारी विद्यालयों में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। संस्था प्रधानों ने सभी अतिथियों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर शाखा के निशांक सोनी, पवन अग्रवाल, दिलीप सिंघल, राखी गुप्ता एवं शिक्षाविद मौजूद रहे।