गुरु पूर्णिमा पर बयाना में श्रीमद्भागवत कथा का होगा भव्य समापन, विशाल महाप्रसादी में उमड़ेंगे श्रद्धालु

बयाना में गुरु पूर्णिमा पर श्रीमद्भागवत कथा का आज भव्य समापन होगा। विशाल महाप्रसादी और धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह चरम पर है।

Update: 2026-07-29 07:34 GMT

तस्वीर में बयाना में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान व्यासपीठ पर विराजमान कथावाचक और पास में बैठे संगीत मंडली के सदस्य नजर आ रहे हैं।

गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बयाना में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण रहेगा। श्री श्री 1008 श्री गोमती दास जी महाराज के परम आशीर्वाद से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का भव्य समापन आज गुरु पूर्णिमा के दिन होगा। समापन अवसर पर गणेशी मार्केट स्थित अग्रवाल मैरिज होम में विशाल भंडारे (महाप्रसादी) का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बयाना सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

आयोजन समिति से जुड़े रूपेंद्र शर्मा ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर प्रातः सभी गुरु भाई एवं श्रद्धालु बड़ वाले हनुमान जी (पिंटू सोनी मेंबर) के निवास पर एकत्रित होकर पूज्य श्री श्री 1008 श्री गोमती दास जी महाराज की प्रतिमा की विधि-विधान से पूजन-अर्चन करेंगे तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। पूजन के उपरांत श्रीमद्भागवत कथा का विधिवत समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।

इसके पश्चात सभी गुरु भाई, श्रद्धालु एवं भक्तगण गणेशी मार्केट स्थित अग्रवाल मैरिज होम पहुंचेंगे, जहां विशाल भंडारे (महाप्रसादी) का आयोजन होगा। आयोजकों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं, ताकि सभी भक्तजन सुचारु रूप से महाप्रसादी ग्रहण कर सकें।

आयोजन समिति ने समस्त क्षेत्रवासियों, गुरु भाइयों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर गुरु पूर्णिमा के इस पावन आयोजन में सहभागिता निभाने, पूज्य गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने तथा महाप्रसादी ग्रहण कर धर्म लाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।

गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति में गुरु के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का महापर्व माना जाता है। इसी भावना के साथ आयोजित यह धार्मिक आयोजन श्रद्धालुओं के लिए भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक चेतना का विशेष केंद्र बनेगा। कार्यक्रम को लेकर बयाना एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह बना हुआ है।

Tags:    

Similar News