भरतपुर: वैर-भुसावर मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, एक घायल
| सलेमपुर खुर्द निवासी दोनों युवकों की बाइक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक को उपचार के लिए भरतपुर आरबीएम अस्पताल रेफर किया गया।
भरतपुर के वैर-भुसावर सड़क मार्ग पर बुधवार देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस कर्मियों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए भुसावर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बाइक सवार दोनों युवक भुसावर उपखंड के खेड़ली मोड़ थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर खुर्द निवासी थे। वैर-भुसावर सड़क मार्ग पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे रवि पुत्र सोहन लाल जाटव और उसका साथी भूपेंद्र पुत्र राम किशन जाटव गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस कर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों को भुसावर के सरकारी अस्पताल लेकर आए। अस्पताल में चिकित्सकों ने रवि पुत्र सोहन लाल जाटव को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल भूपेंद्र पुत्र राम किशन जाटव की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे भुसावर से भरतपुर के आरबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मृतक रवि के शव को भुसावर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। हादसे में एक युवक की मौत और दूसरे के गंभीर रूप से घायल होने से क्षेत्र में घटना की चर्चा है।