भुसावर के बाछरेन गांव में 11 केवी लाइन में फॉल्ट से घरों में दौड़ा करंट, एक की मौत
भुसावर के बाछरेन गांव में 11 केवी लाइन में तकनीकी खराबी से उपकरण जले, पीड़ित परिवार को मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने धरना दिया।
भरतपुर के भुसावर क्षेत्र स्थित बाछरेन गांव में 11 केवी विद्युत लाइन में फॉल्ट के बाद युवक की मौत पर मुआवजे की मांग को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में धरने पर बैठे ग्रामीण।
भरतपुर जिले के भुसावर उपखंड के गांव बाछरेन में मंगलवार रात करीब नौ से दस बजे 11 केवी विद्युत लाइन में तकनीकी खराबी आने से घरों में करंट दौड़ गया। इस दौरान घरों में रखे विद्युत उपकरणों में आग लग गई। आग पर काबू पाने के दौरान उपकरणों में आए करंट की चपेट में आने से एक महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को दौसा जिले के महवा स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 28 वर्षीय दिगंबर सिंह जाट की मौत हो गई। वहीं, महिला कल्लो कोली और विशाल जाट को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया, जहां दोनों का उपचार जारी है।
घटना के बाद मृतक रवि उर्फ दिगंबर सिंह जाट, पुत्र समुद्र सिंह जाट, के परिजन और ग्रामीण शव को गांव बाछरेन में मंदिर के पास रखकर धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों ने मृतक के आश्रितों को राज्य सरकार से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग उठाई। युवक की मौत और ग्रामीणों के धरने की सूचना मिलने पर प्रशासन, पुलिस और विद्युत निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
मौके पर भुसावर उपखंड अधिकारी राधेश्याम मीणा, भुसावर तहसीलदार महेंद्र शर्मा, नदबई सीओ भवानी सिंह शेखावत, हलेना थानाधिकारी बृजेंद्र सिंह, भुसावर एसएचओ राजेश मीणा, खेड़ली मोड़ थानाधिकारी पवन यादव तथा भरतपुर से विद्युत निगम के अधिकारी पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और मृतक के परिजनों से बातचीत कर उनकी मांगों और समस्याओं को सुना।
इस दौरान ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। मृतक के आश्रितों को सरकारी आर्थिक सहायता दिलाने की मांग को लेकर कई घंटे तक धरना जारी रहा। इसके बाद भुसावर उपखंड अधिकारी राधेश्याम मीणा की समझाइश और आश्वासन पर ग्रामीण धरना समाप्त करने के लिए राजी हुए।
इसके बाद मृतक रवि उर्फ दिगंबर सिंह जाट के शव को पोस्टमार्टम के लिए भुसावर के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में भेजा गया। खेड़ली मोड़ थाना पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
घटना को लेकर मृतक के परिजनों ने विद्युत निगम के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए खेड़ली मोड़ पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया है। गांव में विद्युत लाइन में फॉल्ट के बाद घरों में करंट फैलने, तीन लोगों के झुलसने और एक युवक की मौत के मामले में अब पुलिस में दर्ज शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।