नेता चुनाव प्रचार के दौरान समर्थकों के साथ मौजूद हैं।

बारां जिले में जिला परिषद वार्ड 7 से बहुजन समाज पार्टी यानी थर्ड फ्रंट के प्रत्याशी संदीप शर्मा के चुनाव अभियान ने कोयला ग्राम में चुनाव कार्यालय के शुभारंभ के साथ गति पकड़ी। 28 अक्टूबर को विधिवत पूजा-अर्चना के बाद फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण और मतदाता उपस्थित रहे।

कार्यालय के शुभारंभ के दौरान संदीप शर्मा ने मतदाताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दोनों दलों के बीच केवल नूरा कुश्ती चल रही है। उन्होंने कहा कि दोनों दल एकजुट होकर बहुजन समाज पार्टी यानी थर्ड फ्रंट को नुकसान पहुंचाने के मंसूबे पाल रहे हैं, लेकिन उनके ये मंसूबे सफल नहीं हो पाएंगे।

संदीप शर्मा ने कहा कि जिस तरह जनता के आशीर्वाद से बारां नगर परिषद में थर्ड फ्रंट को ऐतिहासिक जीत मिली है, उसी तरह जिला परिषद चुनाव में भी थर्ड फ्रंट आशातीत सफलता हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 7 का यह चुनाव वे स्वयं नहीं, बल्कि गांव की जनता लड़ रही है और वे केवल जनता की सहभागिता निभा रहे हैं।

उन्होंने राजस्थान के सरकारी सिस्टम को डैमेज बताते हुए कहा कि इसे सुधारने के लिए थर्ड फ्रंट ने रणनीति और रूपरेखा भी तैयार की है। संदीप शर्मा ने जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए चुनाव में जनता की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।

इस मौके पर बारां नगर परिषद के पूर्व सभापति एवं पार्षद कमल राठौर ने कहा कि जनता काम चाहती है और वे काम करके जनता का विश्वास अवश्य जीतेंगे। उन्होंने काम के आधार पर जनता का भरोसा हासिल करने की बात कही।

मुदित पाठक ने बताया कि चुनाव कार्यालय के शुभारंभ के बाद थर्ड फ्रंट के प्रत्याशी संदीप शर्मा ने अपने समर्थकों के साथ कोयला ग्राम में जनसंपर्क किया। इस दौरान कई स्थानों पर उनका स्वागत, सत्कार और अभिनंदन किया गया। चुनाव कार्यालय के उद्घाटन और जनसंपर्क कार्यक्रम के जरिए संदीप शर्मा ने वार्ड 7 के ग्रामीणों और मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाई।

Tags: