उत्कृष्ट कार्यों के लिए पिता-पुत्र सम्मानित, एक ही दिन दोहरी उपलब्धि से जिले का बढ़ाया मान
बारां के नीरज शर्मा और कुश शर्मा को कृषि, समाजहित एवं जनजागरूकता के उत्कृष्ट कार्यों के लिए जयपुर में सम्मानित किया गया।
तस्वीर में बाएं से मंच पर मौजूद लोग प्रमाणपत्र और स्मृति चिह्न सौंपते व ग्रहण करते दिखाई दे रहे हैं।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट एवं जनहितकारी कार्यों के लिए शाहाबाद की माटी से जुड़े पिता-पुत्र को जयपुर में सम्मानित किया गया। कृषि क्षेत्र में अभिनव प्रयासों एवं नवाचार के लिए नीरज कुमार शर्मा को राज्य स्तरीय विभागीय सम्मान प्रदान किया गया, वहीं उनके पुत्र कुश शर्मा को समाजहित एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए जयपुर स्तरीय सम्मान से नवाजा गया। स्वतंत्रता दिवस पर पिता-पुत्र को अलग-अलग क्षेत्रों में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए एक ही दिन सम्मान मिलना जिले के लिए गौरव का विषय रहा।
नीरज शर्मा कृषि विभाग में सहायक कृषि अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने कोरोनाकाल में जून 2020 के दौरान किसानों को कृषि संबंधी जानकारी समय पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किसान ग्रुप बनाकर डिजिटल माध्यम से जानकारी पहुंचाने की पहल की। आज हजारों किसान इन समूहों से जुड़े हुए हैं। इनके माध्यम से किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं, उन्नत कृषि तकनीकों एवं अन्य आवश्यक जानकारियां समय पर उपलब्ध हो रही हैं।
किसानों को जागरूक करने के लिए नीरज शर्मा ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से खाद-बीज का पक्का बिल लेने, कृषि योजनाओं एवं किसान हित से जुड़ी जानकारियों के प्रति जागरूक किया। जैविक खेती, पारंपरिक खेती, उन्नत किस्म के बीज एवं आधुनिक कृषि तकनीकों को लेकर गांव-ढाणी स्तर पर गोष्ठियों एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रगतिशील किसानों को जोड़कर गांव-गांव चौपाल आयोजित करने, पौधारोपण, फूलों की खेती तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी किसानों तक पहुंचाने की दिशा में भी कार्य किया।
नीरज शर्मा को राजस्थान सरकार की कृषक जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, कृषि क्षेत्र में किए गए अभिनव प्रयासों एवं नवाचार तथा योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने के लिए उत्कृष्ट कार्य के लिए कृषि आयुक्त की ओर से राज्य स्तरीय विभागीय सम्मान प्रदान किया गया।
वहीं उनके पुत्र कुश शर्मा राजस्थान यूनिवर्सिटी, जयपुर में अध्ययनरत रहे हैं और वर्तमान में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने समाज में जागरूकता एवं सेवा से जुड़े विभिन्न कार्यों में सक्रिय योगदान दिया है। उन्होंने छात्रावासों, पीजी एवं शैक्षणिक संस्थानों में आत्महत्या रोकथाम एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर अभियान चलाए।
सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से विचरण करने वाली गायों के गले में रेडियम स्ट्रिप लगाने का अभियान भी चलाया गया, ताकि रात के समय वाहन चालकों को गायें आसानी से दिखाई दे सकें। इसके अलावा महिला हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूकता, जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा से जोड़ने, मतदाता जागरूकता तथा मकर संक्रांति पर पतंग की डोर से होने वाली दुर्घटनाओं से बचाव के लिए अभियान चलाए।
आपदा के समय राजस्थान के विभिन्न जिलों के युवाओं को जोड़कर मुख्यमंत्री राहत कोष (CMRF) में सहयोग के लिए भी कुश शर्मा ने पहल की। उनके इन समाजहित एवं जनजागरूकता से जुड़े कार्यों के लिए जयपुर स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानित किया गया।
चौगान स्टेडियम में आयोजित जयपुर स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में कुश शर्मा को उद्योग एवं वाणिज्य तथा युवा मामले एवं खेल विभाग के कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ एवं जिला कलेक्टर संदेश नायक ने सम्मानित किया। समारोह में जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, विधायक बालमुकुंद आचार्य, जयपुर कमिश्नर सचिन मित्तल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
अवार्ड मिलने के बाद कुश शर्मा लोकभवन में आयोजित एट होम कार्यक्रम में भी शामिल हुए, जहां राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मुख्यसचिव और डीजीपी से मुलाकात हुई तथा उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।
पिता-पुत्र को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अलग-अलग क्षेत्रों में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किए जाने पर परिवार एवं क्षेत्र के लोगों ने खुशी जताई। दोनों ने कहा कि यह सम्मान उन्हें समाज एवं जनहित में आगे भी निरंतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।