बारां के राजकीय महाविद्यालय में राष्ट्रभक्ति की गूँज के बीच मनाई गई आजादी की 79वीं वर्षगाँठ
बारां के राजकीय महाविद्यालय में आजादी की 79वीं वर्षगाँठ पर प्राचार्य प्रोफेसर दीपक कुमार ने ध्वजारोहण किया। शहीदों को श्रद्धांजलि, देशभक्ति कविताएं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और मतदान शपथ आकर्षण रहे।
तस्वीर में राजकीय महाविद्यालय बारां के स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान कुर्सियों पर बैठे हुए संकाय सदस्य, अधिकारी, कर्मचारीगण और विद्यार्थी नजर आ रहे हैं।
बारां। राजकीय महाविद्यालय बारां में आजादी की 79वीं वर्षगाँठ धूमधाम से मनाई गई। समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर दीपक कुमार ने ध्वजारोहण किया। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को वर्तमान चुनौतियों और उनके समाधान के प्रति जागरूक किया।
प्राचार्य प्रोफेसर दीपक कुमार के साथ प्रोफे. सी. बी. शर्मा ने शहीदों की मूर्तियों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में प्रो. विवेक कुमार नागर ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका तथा आज के युवा की दशा और दिशा पर अपने विचार व्यक्त किए।
मंच संचालन प्रो. चंदन मल एवं वी. पी. सिंह ने किया। इस दौरान प्रो. चंदन मल ने अपनी ओजस्वी कविताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में देशभक्ति का जोश भर दिया। प्रोफे. भवानी सिंह ने भारतीय सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक गौरव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अपने प्राचीन गौरव की ओर पुनः लौटने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समा बांधा। प्रोफे. वी. पी. सिंह ने उपस्थित लोगों को मतदान शपथ दिलाई। समारोह में महाविद्यालय के संकाय सदस्य, अधिकारी, कर्मचारीगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। इस प्रकार राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के संदेश के साथ महाविद्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह संपन्न हुआ।