तस्वीर में कोटा रोड पर अटरू विधानसभा क्षेत्र से धार्मिक यात्रा के लिए रवाना होने वाली बस के पास पूर्व विधायक पानाचंद मेघवाल, अन्य जनप्रतिनिधि और सहरिया व भील समाज के श्रद्धालु नजर आ रहे हैं।

अटरू विधानसभा क्षेत्र के अचरावा, करजूना, कासमपुरा, अटरू एवं मूण्डला बिसोती गांवों के सहरिया एवं भील समाज के श्रद्धालुओं की धार्मिक यात्रा शुक्रवार दोपहर रवाना हुई। कोटा रोड स्थित कार्यक्रम में पूर्व विधायक पानाचंद मेघवाल ने धार्मिक यात्रा की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और श्रद्धालुओं का माल्यार्पण कर यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।

मण्डल अध्यक्ष योगेश नागर ने बताया कि इस अवसर पर पानाचंद मेघवाल ने श्रद्धालुओं को धार्मिक यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुखद यात्रा पूर्ण कर सकुशल अपने घर लौटें। उन्होंने कहा कि धार्मिक यात्राएं समाज में आध्यात्मिक चेतना, आपसी भाईचारे एवं सामाजिक एकता को मजबूत करने का माध्यम हैं।

पानाचंद मेघवाल ने कहा कि सहरिया एवं भील समाज के श्रद्धालुओं का इस प्रकार धार्मिक यात्रा पर जाना सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक यात्राएं केवल तीर्थ दर्शन तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि समाज के लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का कार्य भी करती हैं। उन्होंने सभी यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए यात्रा के सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय होने की कामना की।

यह धार्मिक यात्रा द्वारकाधीश, रामदेवरा, सांवलिया सेठ एवं खाटू श्याम जी सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों तक जाएगी। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों एवं समाजजनों ने यात्रा के सफल एवं मंगलमय होने की कामना की।

कार्यक्रम में शहर कांग्रेस कमेटी बारां अध्यक्ष प्रशांत भारद्वाज, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष बनवारी मीणा, जिला परिषद सदस्य योगेश नागर, मार्केटिंग सोसायटी के सुनील बामला, सरपंच योगेश मीणा, पीयूष सोनी सहित जनप्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी, समाजजन एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Tags: