तस्वीर में वाहन पर सवार अधिकारी के सामने पुलिस जवान मार्च पास्ट के लिए कतारबद्ध खड़े हैं और पीछे समारोह स्थल दिखाई दे रहा है।

जिले में स्वतंत्रता दिवस शनिवार को उमंग, उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह कृषि उपज मंडी समिति प्रांगण में आयोजित हुआ, जहां मुख्य अतिथि जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा ने तिरंगा फहराया और मार्च पास्ट की सलामी ली। समारोह में शहीदों के परिजनों का सम्मान, भव्य परेड, विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, योग और पिरामिड प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहे।

समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा परेड के निरीक्षण से हुई। ब्रास बैंड की देशभक्ति धुनों के बीच आरएसी, राजस्थान पुलिस दल, गृह रक्षा दल और स्काउट गाइड के जवानों ने कदमताल करते हुए मार्च पास्ट किया। अतिरिक्त जिला कलक्टर भंवरलाल जनागल ने महामहिम राज्यपाल के संदेश का पठन किया।

इस दौरान शहीद राजमल मीणा की पत्नी श्रीमती कमलेश मीणा और शहीद लादूराम की पत्नी मोत्याबाई को शॉल व श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और देशभक्ति गीतों से वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। बच्चों ने रंग-बिरंगे छातों के साथ सामूहिक व्यायाम का प्रदर्शन भी किया। भंवरगढ़ की आशापाल व्यायाम शाला के बच्चों ने पिरामिड और योगा का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित किया।



 






समारोह में सांसद दुष्यंत सिंह, विधायक राधेश्याम बैरवा, जिला प्रमुख उर्मिला जैन, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। कार्यक्रम का संचालन एनडी शर्मा, सुनील शर्मा और नीति शर्मा ने किया।

जिला प्रशासन की ओर से उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, पत्रकारों, समाजसेवियों और मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इससे पहले जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा ने प्रातः 8.30 बजे मिनी सचिवालय में ध्वजारोहण किया, जहां पुलिस दल ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में जवाहर नवोदय विद्यालय प्रथम, राजकीय महात्मा गांधी विद्यालय स्टेशन रोड द्वितीय और केंद्रीय विद्यालय बारां तृतीय स्थान पर रहा। परेड में सीनियर स्काउट दल प्रथम, जनजाति स्काउट दल द्वितीय और आरएसी दल तृतीय स्थान पर रहा। विजेताओं को कार्यक्रम में अतिथियों ने पुरस्कृत किया।

इसी क्रम में जिला प्रशासन की पहल ‘मिशन सामर्थ्य - सामर्थ्य युवा’ का उद्घाटन 15 अगस्त 2026 को राजकीय उच्च माध्यमिक बालिका विद्यालय, श्रीराम स्टेडियम बारां से किया गया। सांसद दुष्यंत सिंह एवं जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा ने सामर्थ्य केन्द्र से कार्यक्रम का उद्घाटन किया। दोनों ने जिले के 11 ब्लॉकों में स्थापित सामर्थ्य केन्द्रों से जुड़े विद्यार्थियों से वर्चुअल टू-वे संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।

‘मिशन सामर्थ्य - सामर्थ्य युवा’ का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की शैक्षणिक उत्कृष्टता, करियर मार्गदर्शन और रोजगार क्षमता बढ़ाना है। इसके तहत कक्षा 9 से 12 के 2000 विद्यार्थियों को नीट, जईई, सीयूईटी व आरएएस सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। 2000 विद्यार्थियों को करियर काउंसलिंग एवं उच्च शिक्षा का मार्गदर्शन दिया जाएगा। वहीं 1000 युवाओं को उद्यमिता, कौशल विकास एवं वित्तीय साक्षरता का प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जाएगा, विशेषकर युवा महिलाओं को।

जिले में कुल 12 मिशन सामर्थ्य केन्द्र स्थापित किए जा रहे हैं। सभी केन्द्रों का बेसलाइन सर्वे एवं गैप एनालिसिस पूरा किया जा चुका है। कलेक्ट्रेट में जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित कर ऑनलाइन मॉनिटरिंग डैशबोर्ड के माध्यम से नियमित निगरानी की जाएगी।

28 से 31 जुलाई 2026 तक चार केन्द्रों में तकनीकी परीक्षण पूरा कर जिओ, एयरटेल कनेक्टिविटी, वीसी सेटअप एवं ऑडियो-वीडियो गुणवत्ता की जांच की गई। 10 अगस्त 2026 तक सभी 12 विद्यालयों में सिविल कार्य, फर्नीचर एवं आईसीटी सेटअप पूरा किया जा चुका है। ऑनलाइन कक्षाएं, वेबिनार एवं विशेषज्ञ व्याख्यान 17 अगस्त 2026 से शुरू होंगे। ग्रामीण विद्यालयों में निर्बाध ऑनलाइन शिक्षा के लिए राजस्वान कनेक्टिविटी, विषय विशेषज्ञों और गुणवत्तापूर्ण डिजिटल कंटेंट की व्यवस्था अपेक्षित है। जिला प्रशासन का मानना है कि यह मिशन बारां के ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं करियर के समान अवसर उपलब्ध कराकर जिले को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बनाएगा।

इधर, राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा 17 अगस्त 2026 सोमवार को बारां जिले के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे बारां एवं झालावाड़ जिले के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे तथा कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री प्रातः 10.30 बजे जयपुर एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर द्वारा बारां के लिए रवाना होंगे और प्रातः 11.30 बजे कृषि उपज मंडी, बारां स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। प्रातः 11.40 बजे कृषि उपज मंडी स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर प्रातः 11.40 से दोपहर 1.50 बजे तक बारां-झालावाड़ जिले के विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास व लोकार्पण समारोह एवं कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे।

कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत स्वीकृत आवासों का शिलान्यास एवं लाभार्थियों को चाबी वितरण, 2400 करोड़ रुपए के ग्रामीण विकास कार्यों को पोर्टल पर शामिल करना, अमृत पोषण वाटिका, अमृत ग्रामीण हाट बाजार, ग्रामीण पुस्तकालय एवं अमृत संजीवनी पार्क का शुभारंभ किया जाएगा। स्वयं सहायता समूहों को 10 करोड़ रुपए के क्रेडिट लिंकेज चेक वितरण, लखपति दीदी योजना के तहत 8 करोड़ रुपए एवं सखी योजना के तहत स्कूटी वितरण तथा ग्राम श्री राजसखी मार्ट बारां का लोकार्पण भी प्रस्तावित है। दोपहर 1.50 बजे मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल से रवाना होकर 2 बजे हेलीपैड से जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे और अपराह्न 3 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे।

भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी 17 अगस्त सोमवार को राजस्थान एवं मध्य प्रदेश के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। राजस्थान के प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय मंत्री प्रातः 08.30 बजे भोपाल से विशेष विमान द्वारा जयपुर के लिए रवाना होंगे और प्रातः 9.30 बजे जयपुर पहुंचेंगे। प्रातः 9.45 बजे वे राजस्थान के मुख्यमंत्री के साथ हेलीकॉप्टर से बारां के लिए रवाना होंगे और प्रातः 11 बजे बारां पहुंचेंगे। प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक वे मुख्यमंत्री के साथ बारां में आयोजित प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के कार्यक्रम में शामिल होंगे।

दोपहर 1.15 बजे मंत्री चौहान बारां से हेलीकॉप्टर द्वारा जयपुर के लिए रवाना होंगे और दोपहर 2.30 बजे जयपुर पहुंचेंगे। दोपहर 3.15 बजे वे जयपुर से विशेष विमान द्वारा भोपाल के लिए रवाना होंगे और सायं 4.15 बजे भोपाल पहुंचेंगे। भोपाल में उनके स्थानीय कार्यक्रम एवं रात्रि विश्राम प्रस्तावित है।

जिले में आगामी नगरीय निकाय एवं पंचायती राज आम चुनाव-2026 की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। प्रशासन ने आरक्षण प्रक्रिया का कार्यक्रम जारी कर दिया है। नगर निकाय चुनाव के तहत सभी नगर निकायों के वार्डों के वर्गवार एवं महिला आरक्षण की लॉटरी 17 अगस्त को दोपहर 3 बजे मिनी सचिवालय सभागार में होगी। पंचायती राज चुनाव के तहत पंचायत समितियों में वार्डों के आरक्षण तथा सरपंचों के वर्गवार एवं महिला आरक्षण की लॉटरी 18 अगस्त को निकाली जाएगी। यह प्रक्रिया प्रातः 11 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक और फिर दोपहर 3 बजे से कार्य समाप्ति तक चलेगी। यह कार्रवाई राजस्थान पंचायती राज अधिनियम, 1994 की धारा 15, 16 एवं नियम 5 से 9 के तहत की जाएगी।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर होमगार्ड कार्यालय, बारां में भी गरिमापूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कमाण्डेन्ट सीमा पारीक ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद कार्यालय परिसर में उपस्थित होमगार्ड स्वयंसेवकों से संवाद कर उन्हें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। उन्होंने स्वयंसेवकों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्र सेवा के प्रति सदैव समर्पित रहने का संदेश दिया।

इसके बाद मंडी प्रांगण, बारां में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में सामूहिक परेड हुई, जिसमें होमगार्ड स्वयंसेवकों ने पूर्ण अनुशासन एवं उत्साह के साथ भाग लिया। परेड के दौरान स्वयंसेवकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। समारोह के दौरान होमगार्ड विभाग के प्रभारी बिरदी चन्द को उत्कृष्ट कार्य एवं सेवाओं के लिए जिला कलेक्टर द्वारा सम्मानित कर प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया। कमाण्डेन्ट पारीक ने सभी होमगार्ड स्वयंसेवकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्र सेवा, अनुशासन और कर्तव्य के प्रति निष्ठा प्रत्येक स्वयंसेवक की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

Tags: