✕
कटरा में बारिश का कहर; वैष्णो देवी यात्रा पर संकट
By EditorialPublished on
जम्मू के कटरा में मां वैष्णो देवी के भक्तों के लिए मुश्किलें बढ़ गईं। तेज बारिश के बाद बाणगंगा के पास यात्रा मार्ग पर भूस्खलन हुआ, जिससे ट्रैक पर बने शेड पर भारी मलबा गिर गया और पांच श्रद्धालु घायल हो गए।

x

जम्मू-कश्मीर में बारिश का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है और इसका सबसे बड़ा असर सोमवार सुबह कटरा के माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर देखने को मिला। रविवार रात से जारी तेज बारिश सोमवार सुबह लगभग आठ बजे बाणगंगा के पास कहर बनकर टूटी। अचानक पहाड़ से भारी मात्रा में पत्थर और मिट्टी खिसककर यात्री ट्रैक पर बने शेड पर गिर पड़े। देखते ही देखते शेड का एक हिस्सा मलबे में दबकर पूरी तरह जमींदोज हो गया और साथ ही रेलिंग का भी हिस्सा टूट गया। इस हादसे में पांच श्रद्धालु घायल हो गए, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा बेहद अचानक हुआ। एक यात्री ने बताया, “हम अपनी यात्रा पूरी करके कटरा लौट रहे थे, तभी तेज बारिश के बीच पहाड़ से मिट्टी और पत्थर सरकने लगे। हमने किसी तरह अपनी जान बचाई, लेकिन कई लोग इसकी चपेट में आ गए।” अचानक हुए इस भूस्खलन से श्रद्धालुओं में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के अधिकारी, पुलिस और रेस्क्यू टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य तेज़ी से शुरू हुआ। सबसे पहले घायलों को मलबे से निकालकर कटरा के उप-जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें नारायणा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल रेफर किया गया। अधिकारियों के अनुसार, सभी घायलों की हालत स्थिर है।
भूस्खलन के बाद यात्रा मार्ग पर भारी मात्रा में मिट्टी और पत्थर जमा हो गए हैं। श्राइन बोर्ड की टीम जेसीबी मशीनों की मदद से लगातार मलबा हटाने में जुटी हुई है। हालांकि, लगातार हो रही बारिश राहत कार्य में सबसे बड़ी बाधा बनी हुई है। प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।
इस हादसे के बावजूद माता वैष्णो देवी की यात्रा फिलहाल जारी है, लेकिन श्राइन बोर्ड ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति को देखते हुए ही यात्रा करें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। भारी बारिश के कारण पहाड़ी रास्तों पर फिसलन बढ़ गई है और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले घंटों में भी बारिश जारी रह सकती है, इसलिए यात्रियों से विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। वहीं, इलाके में मौजूद श्रद्धालुओं में डर का माहौल है, लेकिन ज्यादातर लोग दर्शन करने के बाद सुरक्षित लौटने की उम्मीद में हैं।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
गौरतलब है कि कटरा में इस मौसम में भूस्खलन की घटनाएं आम हैं, लेकिन इस बार हुई बारिश इतनी तेज़ रही कि पहाड़ से भारी मात्रा में मलबा खिसक कर ट्रैक पर आ गिरा। विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बारिश से पहाड़ की ढलानें कमजोर हो जाती हैं और भूस्खलन की आशंका बढ़ जाती है।
फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रशासन का दावा है कि जल्द ही यात्रा मार्ग को पूरी तरह साफ कर सुरक्षित बना दिया जाएगा। श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।

Editorial
Next Story
Related News
X
