पीएम मोदी का ऐलान;
सोमवार को पश्चिम बंगाल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ममता बनर्जी की टीएमसी सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने राज्य के विकास में मौजूदा सरकार को सबसे बड़ी बाधा बताते हुए कहा कि बंगाल बदलाव चाहता है, लेकिन टीएमसी सरकार विकास की राह में दीवार बनकर खड़ी है। पीएम मोदी ने रैली के दौरान ₹5,400 करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया और इन्हें “बंगाल को वर्तमान बुरे दौर से बाहर निकालने की दिशा में बड़ा कदम” बताया।
बंगाल के विकास की राह में टीएमसी बाधा :
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “जिस दिन यह दीवार गिरेगी, उसी दिन से बंगाल विकास की रफ्तार पकड़ लेगा। टीएमसी की सरकार जाएगी, तभी असली परिवर्तन आएगा।” उन्होंने जनता से अपील की कि राज्य को इस “बुरे दौर” से बाहर निकालने के लिए भाजपा को एक अवसर दें। मोदी ने यह भी कहा कि बंगाल एक ऐसे नेतृत्व का हकदार है जो “कामदार, ईमानदार और दमदार” हो।
5,400 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण :
पीएम मोदी ने बताया कि जिन परियोजनाओं की शुरुआत की गई है, वे राज्य की अर्थव्यवस्था को गति देंगी और रोज़गार के नए अवसर पैदा करेंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का सपना “समृद्ध और विकसित बंगाल” है और आज की ये योजनाएं उसी दिशा में बड़ा कदम हैं। रैली में उन्होंने कहा कि सावन के पावन महीने में बंगाल के विकास पर्व का हिस्सा बनना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
रोजगार और पलायन पर चिंता :
प्रधानमंत्री ने बेरोजगारी और बड़े पैमाने पर हो रहे पलायन को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा, “कभी लोग रोजगार के लिए बंगाल आया करते थे, लेकिन आज का परिदृश्य उलट गया है। अब पश्चिम बंगाल का युवा छोटे-छोटे काम के लिए भी दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर है।” उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार की गलत नीतियों और भ्रष्टाचार ने राज्य को विकास के मार्ग से भटका दिया है।
परिवर्तन की अपील :
मोदी ने कहा, “भाजपा की ओर से मैं आपसे आग्रह करता हूं, एक बार भाजपा को अवसर दीजिए। बंगाल में ऐसी सरकार चुनिए जो जनता के विश्वास पर खरी उतरे और राज्य को प्रगति की राह पर ले जाए।” उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि भाजपा सरकार हर क्षेत्र में राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
भी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
राजनीतिक संदेश और भविष्य की रणनीति :
रैली के दौरान मोदी ने ममता बनर्जी सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए भाजपा के राजनीतिक एजेंडे को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि राज्य को अब “दीवार” ढहाने की जरूरत है ताकि विकास का मार्ग प्रशस्त हो सके। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह बयान बंगाल में भाजपा की चुनावी रणनीति का हिस्सा है, जहां पार्टी ‘परिवर्तन’ के नारे को एक बार फिर से प्रमुखता से आगे बढ़ा रही है। मोदी के इस बयान से पश्चिम बंगाल की सियासत में हलचल तेज हो गई है। राज्य की सत्ता में बदलाव की उनकी अपील ने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है।
Editorial

Editorial

Next Story