UP में बुलडोजर एक्शन तेज; मजार-मस्जिद-मदरसे जमींदोज..
5/13/2025 1:21:36 PM
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नेपाल सीमा से सटे जिलों में अवैध कब्जों और बिना अनुमति चल रहे धार्मिक संस्थानों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। सोमवार को श्रावस्ती, बहराइच, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महराजगंज में दिनभर विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें अवैध मदरसे, मजारें और मस्जिदों को ध्वस्त या सील कर दिया गया। सरकार का स्पष्ट संदेश है कि सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अवैध मदरसे, मस्जिद और मजारें बनीं कार्रवाई का निशाना :
  • श्रावस्ती: तहसील जमुनहा के रहमतूगांव में शासकीय भूमि पर बने एक अवैध मदरसे को गिरा दिया गया। चार अन्य अवैध मदरसे सील किए गए। कुल पांच बिना मान्यता वाले मदरसे चिन्हित किए गए।

  • बहराइच: जिलाधिकारी मोनिका रानी ने बताया कि एक अवैध मस्जिद पर बुलडोजर चलाया गया। अब तक जिले में 171 अवैध कब्जे हटाए जा चुके हैं, जो सीमा सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील जमीन पर थे।

  • सिद्धार्थनगर: शोहरतगढ़ इलाके में गाटा संख्या 515 पर बने एक मदरसे को खुद अतिक्रमणकर्ता गुलाम महीउद्दीन ने प्रशासनिक नोटिस के बाद हटा लिया।

  • बलरामपुर: ग्राम रतनवा में वन विभाग की जमीन पर बने अवैध मजार को प्रशासन ने गिरा दिया।

  • महराजगंज: तहसील नौतनवा के सिसवा उर्फ खोरिया गांव में बाजार विस्तार के लिए सुरक्षित भूमि पर बनी एक मजार को हटाया गया।
नेपाल सीमा पर अतिक्रमण के खिलाफ सख्ती :
भारत-नेपाल सीमा से सटे 0 से 15 किलोमीटर के दायरे को अतिक्रमण मुक्त करने का मिशन तेज कर दिया गया है। योगी सरकार ने प्रशासन को नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं। सुरक्षा कारणों से संवेदनशील मानी जाने वाली इस सीमा पर बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठ की आशंका को देखते हुए अतिक्रमण हटाने का यह अभियान चलाया जा रहा है।
प्रदेश सरकार का साफ संदेश है कि सीमा सुरक्षा में किसी भी तरह की ढील नहीं दी जाएगी। अवैध धार्मिक स्थल, मदरसे या कोई भी अनाधिकृत निर्माण अब कार्रवाई के दायरे में आएगा। नेपाल सीमा पर यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
Next Story