✕
आदमपुर एयरबेस पर पीएम मोदी का जवानों के साथ संबोधन...
By EditorialPublished on
प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट किया कि अब भारत के लिए ऑपरेशन सिंदूर जैसी कार्रवाई कोई असाधारण घटना नहीं, बल्कि एक 'न्यू नॉर्मल' है। उन्होंने तीन अहम सिद्धांतों को देश और दुनिया के सामने रखा: आतंकी हमले का जवाब अपने तरीके, अपनी शर्तों और अपने समय पर देंगे। न्यूक्लियर ब्लैकमेल भारत कभी नहीं सहेगा। आतंकी आकाओं और उनकी सरपरस्त सरकारों को अब अलग-अलग नहीं देखा जाएगा।

x

भारत-पाकिस्तान सीमा पर बढ़ते तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पंजाब के आदमपुर एयरबेस का दौरा कर भारतीय सशस्त्र बलों के जांबाज जवानों से मुलाकात की और उन्हें संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर सेना के पराक्रम की सराहना की और पाकिस्तान को कड़े शब्दों में दो टूक चेतावनी दी कि भारत अब हर हमले का जवाब अपने तरीके, अपनी शर्तों और अपने समय पर देगा।
सीमा पर उकसावे के बीच जवानों का हौसला बढ़ाया :
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा,"भारत माता की जय की गूंज से दुश्मन का कलेजा कांपता है। आपने देशवासियों का सिर गर्व से ऊंचा किया है। ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य अभियान नहीं था, बल्कि यह भारत की नीति, नीयत और निर्णायक क्षमता की त्रिवेणी है।" उन्होंने साफ कर दिया कि भारत की तरफ आंख उठाने वालों का अंजाम सिर्फ तबाही होगा। पीएम ने 9 आतंकी ठिकानों को तबाह करने और 100 से अधिक आतंकियों को ढेर करने की भारतीय सेना की कार्रवाई को ऐतिहासिक बताया।
दुश्मन के इरादों पर पानी फेरने वाली भारतीय सेना :
प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी बताया कि कैसे पाकिस्तान ने आदमपुर समेत कई एयरबेस पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय वायुसेना और एयर डिफेंस ने दुश्मन के ड्रोन, यूएवी, एयरक्राफ्ट और मिसाइलों को नेस्तनाबूद कर दिया। "हमारे ड्रोन और मिसाइलों की ताकत पाकिस्तान को कई दिनों तक नींद नहीं आने देगी," पीएम मोदी ने कहा।
ऑपरेशन सिंदूर बना भारत का 'न्यू नॉर्मल' :
प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट किया कि अब भारत के लिए ऑपरेशन सिंदूर जैसी कार्रवाई कोई असाधारण घटना नहीं, बल्कि एक 'न्यू नॉर्मल' है। उन्होंने तीन अहम सिद्धांतों को देश और दुनिया के सामने रखा: आतंकी हमले का जवाब अपने तरीके, अपनी शर्तों और अपने समय पर देंगे। न्यूक्लियर ब्लैकमेल भारत कभी नहीं सहेगा। आतंकी आकाओं और उनकी सरपरस्त सरकारों को अब अलग-अलग नहीं देखा जाएगा।
सेना का टेक्नोलॉजी के साथ अद्भुत समन्वय :
पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर में मैनपावर और मशीनों के तालमेल को भी ऐतिहासिक बताया। उन्होंने भारत के आकाश डिफेंस सिस्टम और एस-400 मिसाइल डिफेंस की भूमिका को सराहा, जिसने पाकिस्तान की हर चाल को नाकाम कर दिया।"पाकिस्तान के लाख कोशिश के बाद भी भारत की धरती पर एक खरोंच तक नहीं आई," उन्होंने कहा।
भारत शांति चाहता है, लेकिन मुँहतोड़ जवाब भी देना जानता है :
प्रधानमंत्री मोदी ने पाकिस्तान को चेताते हुए कहा, "हमारी फौज न्यूक्लियर ब्लैकमेल की हवा निकालना जानती है। सैन्य कार्रवाई सिर्फ स्थगित की गई है, अगर पाकिस्तान ने फिर कोई दुस्साहस किया तो भारत उसका जवाब उसी की भाषा में देगा।"
सीमावर्ती इलाकों में हालात पर कड़ी नजर :
इसी बीच जम्मू-कश्मीर के शोपियां में सेना ने तीन आतंकियों को मार गिराया है। सर्च ऑपरेशन जारी है। साथ ही कुपवाड़ा में पाकिस्तानी गोलाबारी से घायल नागरिकों से मिलने जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पहुंचे और सीजफायर बनाए रखने की अपील की।
विदेश मंत्रालय की तैयारी और ब्रीफिंग :
भारत में तैनात मित्र देशों के विदेशी रक्षा अताशियों को भी रक्षा मंत्रालय द्वारा विशेष ब्रीफिंग दी जा रही है, जिसमें ऑपरेशन सिंदूर और भारत-पाक सीमा पर उत्पन्न हालात की जानकारी दी जाएगी। साथ ही विदेश मंत्रालय की संसदीय समिति की अगली बैठक 19 मई को होगी, जहां भारत-पाक रिश्तों पर विस्तृत चर्चा होगी।
फ्लाइट्स पर भी असर, सुरक्षा को प्राथमिकता :
भारत-पाक तनाव के मद्देनजर इंडिगो और एयर इंडिया ने एहतियातन जोधपुर, जामनगर, श्रीनगर और जम्मू जैसे बॉर्डर से सटे शहरों की उड़ानें 13 मई के लिए रद्द कर दी हैं। सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। पीएम मोदी आज 3.30 बजे देश को संबोधित करेंगे, जिसमें वे मौजूदा हालात पर सरकार की नीति और अगला रोडमैप साझा करेंगे। इसके बाद 5.30 बजे विदेश मंत्रालय भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी प्रतिक्रिया देगा। "भारत की नीति स्पष्ट है – शांति की पहल पहले, लेकिन अगर कोई छेड़ेगा, तो जवाब भी उसी शिद्दत से मिलेगा। ऑपरेशन सिंदूर इसी सोच का प्रमाण है," पीएम मोदी के इस बयान के साथ ही भारत ने अपने इरादे एक बार फिर दुनिया को दिखा दिए हैं।

Editorial
Next Story
Related News
X
