उत्तराखंड राज्य के समस्त जनपदों में जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन के लिए निर्वाचक नामावली तैयार करने की समय-सारिणी निर्धारित कर दी गई है। इसमें प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र-जिला पंचायत, हरिद्वार का सम्पूर्ण क्षेत्र शामिल नहीं है। राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने निर्धारित कार्यक्रम की जानकारी दी।

राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार के अनुसार, जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन के लिए निर्वाचक नामावलियों के आलेख्य का प्रकाशन 08 सितम्बर, 2026 को किया जाएगा। इसके बाद 10 सितम्बर, 2026 को निर्वाचक नामावली के निरीक्षण तथा दावा-आपत्ति दाखिल करने की अवधि निर्धारित की गई है। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 12 सितम्बर, 2026 को किया जाएगा, जबकि अंतिम रूप से तैयार निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 15 सितम्बर, 2026 को होगा।

उन्होंने बताया कि निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार जिला मजिस्ट्रेट/रिटर्निंग ऑफिसर (जिला योजना समिति) द्वारा जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन के लिए जिला पंचायत तथा नागर स्थानीय निकायों के निर्वाचित सदस्यों की मतदाता सूची तैयार करने के कार्यक्रम का स्थानीय समाचार पत्रों में प्रचार-प्रसार कराया जाएगा।

निर्वाचक मण्डल की जानकारी के लिए जिला मजिस्ट्रेट के कार्यालय, जिला पंचायत के मुख्यालय तथा सभी नागर स्थानीय निकायों के मुख्यालयों में भी कार्यक्रम का प्रदर्शन कराया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि निर्वाचक नामावली तैयार करने से संबंधित समस्त कार्यवाही रिटर्निंग आफीसर/जिला मजिस्ट्रेट द्वारा सम्पन्न की जाएगी।

इस निर्धारित प्रक्रिया के तहत 08 सितम्बर से शुरू होने वाली निर्वाचक नामावली की कार्रवाई 15 सितम्बर, 2026 को अंतिम सूची के प्रकाशन के साथ पूरी होगी।

Tags: