मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ के चंडाक स्थित मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।   

पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज में इसी शैक्षणिक सत्र से 50 MBBS सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने के साथ सीमांत क्षेत्रों में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चंडाक स्थित बाबू जगजीवन राम मेडिकल कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उनके अनुभव एवं सुझाव जाने। उन्होंने निर्माण कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इसी शैक्षणिक सत्र से मेडिकल कॉलेज में 50 MBBS सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। कॉलेज के संचालन से पिथौरागढ़ सहित आसपास के सीमांत क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं सुदृढ़ होंगी। साथ ही, स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों तक आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज का संचालन इस दिशा में क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय युवाओं के लिए चिकित्सा शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक बिशन सिंह चुफाल एवं फकीर राम टम्टा उपस्थित रहे।

Tags: