हाउस ऑफ हिमालयाज: उत्तराखंड के ग्रामीण उत्पादों का कारोबार 6 करोड़ पार
5,500 महिला लाभार्थियों से जुड़े इस ब्रांड ने अमेजन, फ्लिपकार्ट और क्विक कॉमर्स के जरिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में पैठ बनाई है।
उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में तैयार स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने की पहल अब बड़े कारोबारी मॉडल के रूप में उभर रही है। ग्रामीण महिलाओं की मेहनत से तैयार अंब्रेला ब्रांड ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ने शुरुआत के बाद से अब तक करीब 6 करोड़ रुपए का कारोबार दर्ज किया है।
हाउस ऑफ हिमालयाज को राष्ट्रीय पहचान दिसंबर 2023 में मिली, जब देहरादून में आयोजित उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं इस ब्रांड का विमोचन किया। प्रधानमंत्री ने इसे ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल फॉर ग्लोबल’ की अवधारणा को आगे बढ़ाने वाला प्रयास बताया था।
ब्रांड के तहत उत्तराखंड की स्थानीय पहचान से जुड़े उत्पादों को आधुनिक पैकेजिंग, बेहतर गुणवत्ता और एकीकृत ब्रांडिंग के साथ बाजार में उतारा गया है। वर्तमान में 60 विशिष्ट उत्पादों सहित कुल 83 उत्पाद हाउस ऑफ हिमालयाज के तहत शामिल हैं। इनमें पहाड़ी दालें, अनाज, मसाले, शहद, तेल, हर्बल और पर्सनल केयर उत्पादों के साथ हस्तशिल्प भी शामिल हैं। आधिकारिक ब्रांड वेबसाइट पर मिलेट्स, दालों, चावल, तेल-घी, मसाले, शहद, हर्बल उत्पाद, बेकरी, पर्सनल केयर और हस्तशिल्प जैसी श्रेणियां उपलब्ध हैं।
हाउस ऑफ हिमालयाज की खासियत इसका महिला-केंद्रित आजीविका मॉडल है। 55 क्लस्टर लेवल फेडरेशन से जुड़ी करीब 5,500 प्रत्यक्ष महिला लाभार्थी ब्रांड की आर्थिक गतिविधियों से सीधे जुड़ी हैं। इससे पहाड़ में तैयार होने वाले स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलने के साथ ग्रामीण महिलाओं को भी सीधे आर्थिक लाभ पहुंच रहा है।
अब ब्रांड की पहुंच स्थानीय बाजारों से आगे बढ़कर ऑनलाइन बाजार तक पहुंच चुकी है। उपभोक्ता हाउस ऑफ हिमालयाज के उत्पाद Amazon और Flipkart जैसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर खरीद सकते हैं। क्विक कॉमर्स के जरिए Blinkit, Swiggy Instamart और BigBasket पर भी इसके उत्पाद उपलब्ध हैं। इसके अलावा ब्रांड की अपनी D2C वेबसाइट के माध्यम से देशभर में सीधे खरीदारी की सुविधा दी जा रही है।
हाउस ऑफ हिमालयाज के उत्पाद Amazon Global के जरिए अमेरिका और कनाडा जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस तरह उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की दिशा में ब्रांड का विस्तार हुआ है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “हाउस ऑफ हिमालयाज उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाने की महत्वपूर्ण पहल है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकल से ग्लोबल के विजन के अनुरूप इस ब्रांड के माध्यम से प्रदेश की मातृशक्ति, किसान और ग्रामीण उद्यमियों के उत्पादों को अंतराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। हमारा लक्ष्य है कि उत्तराखंड के गांवों में तैयार होने वाले उत्पादों को वैश्विक बाजार मिले और इसका सीधा लाभ हमारे महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उत्पादकों की आर्थिकी को मिले।”
हाउस ऑफ हिमालयाज का करीब 6 करोड़ रुपए का कारोबार ग्रामीण उत्पादों को संगठित ब्रांडिंग, आधुनिक बाजार और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जोड़ने की दिशा में हुई प्रगति को दर्शाता है। वहीं 5,500 प्रत्यक्ष महिला लाभार्थियों की भागीदारी इस मॉडल के ग्रामीण आजीविका से जुड़े प्रभाव को रेखांकित करती है।