तस्वीर में कल्याणपुर गांव के एक घर के भीतर बिखरा हुआ घरेलू सामान और कपड़े दिखाई दे रहे हैं।

कोतवाली देहात क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में सुबह करीब 5 बजे नीलगाय के घर में घुसने से अफरा-तफरी मच गई। भागते समय तालाब किनारे बने सीताराम के घर में घुसी नीलगाय अंदर फंस गई और जमकर उत्पात मचाया। घटना से ग्रामीणों में दहशत फैल गई।

घर में फंसने के बाद नीलगाय ने पैरों से कुचलकर हजारों रुपये का गृहस्थी का सामान क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान घर में सो रहे बच्चे बाल-बाल बच गए। अचानक नीलगाय के घर में घुसने और उसके उत्पात से परिवार में भी अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों ने नीलगाय को घर से बाहर निकालने के लिए घंटों मशक्कत की। काफी प्रयास के बाद नीलगाय को घर से बाहर निकाला गया और उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया।

घटना की सूचना वन विभाग को भी दी गई है। विभागीय टीम मौके पर पहुंचने की तैयारी में है। फिलहाल घटना को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। यह पूरा मामला कोतवाली देहात क्षेत्र के कल्याणपुर गांव का है।

Tags: