तस्वीर में एटा में सड़क हादसे के बाद क्षतिग्रस्त हुई रोडवेज बस और कैंटर दिखाई दे रहे हैं।

जनपद एटा में शुक्रवार रात थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में द ग्रेडनियर गेस्ट हाउस के समीप तेज रफ्तार रोडवेज बस ने सामने चल रहे कैंटर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कैंटर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा पलटा। हादसे में कैंटर में सवार चालक समेत अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे कैंटर चालक पवन अपने साथियों के साथ एक गेस्ट हाउस में हलवाई का काम करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही आगरा फोर्ट डिपो की रोडवेज बस ने कैंटर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कैंटर अनियंत्रित होकर कई फीट दूर सड़क किनारे गहरी खाई में जा पलटा। वाहन के पलटते ही उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

हादसे के बाद राहगीर और स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे। लोगों ने काफी मशक्कत कर कैंटर में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से तत्काल मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

कैंटर चालक पवन ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ गेस्ट हाउस में हलवाई का काम करने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनके कैंटर में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कैंटर खाई में पलट गया और सभी घायल हो गए।

चौकी प्रभारी अभिषेक बत्सल ने बताया कि सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। पुलिस ने रोडवेज बस और उसके चालक को अपने कब्जे में ले लिया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Tags: