तस्वीर में उत्तर प्रदेश पुलिस के चार कर्मी नवाबगंज थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान पकड़े गए एक घायल आरोपी को पकड़े हुए खड़े हैं।

नवाबगंज थाना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किया गया है। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से आरोपी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त की रात प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम जरेली की पुलिया के पास बड़ागांव जाने वाले मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी की पहचान मुन्ने पुत्र नन्हे, निवासी ग्राम पंडरी, समीप बरोर, थाना नवाबगंज, उम्र करीब 32 वर्ष के रूप में की है। आरोपी के खिलाफ नवाबगंज थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास दर्ज है। मुठभेड़ और गिरफ्तारी के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Tags: