संविधान दिवस पर हापुड़ के सभी स्कूलों में होगा सामूहिक प्रस्तावना वाचन, दिलाई जाएगी शपथ
| संविधान दिवस पर 26 नवंबर को हापुड़ के सभी स्कूलों में सुबह 8:55 से 9:05 बजे तक सामूहिक प्रस्तावना वाचन होगा। ‘एक स्वर-एक संविधान’ थीम पर विद्यार्थियों को मौलिक कर्तव्यों की शपथ दिलाई जाएगी। मुख्य आयोजन एस.एस.वी. इंटर कॉलेज में होगा।
संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को हापुड़ जिले के सभी विद्यालयों में एक साथ संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन और मौलिक कर्तव्यों के पालन की शपथ दिलाई जाएगी। संविधान के महत्व, इसके निर्माण में महापुरुषों के योगदान और नागरिकों के मौलिक कर्तव्यों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम की थीम ‘एक स्वर-एक संविधान’ रखी गई है।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (सालसा) के निर्देश पर जिले के सभी स्कूलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ. ब्रह्मपाल सिंह ने बताया कि ‘संविधान संवाद कार्यक्रम’ के तहत सुबह 8:55 बजे से 9:05 बजे तक सभी विद्यालयों में एक साथ संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) का सामूहिक वाचन किया जाएगा। इस दौरान विद्यार्थियों को मौलिक कर्तव्यों के पालन की शपथ भी दिलाई जाएगी।
इस आयोजन का मुख्य कार्यक्रम हापुड़ के एस.एस.वी. इंटर कॉलेज में होगा। इसमें कई न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल होंगे। जिले के सभी विद्यालयों में एक निर्धारित समय पर आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना, उसके महत्व और नागरिकों के मौलिक कर्तव्यों से परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।