आगरा: सर्जरी कराकर लड़की बनी किन्नर, प्रेमी शादी से मुकरा, केस दर्ज
शादी का झांसा देकर 3 सर्जरियां कराईं और 10 लाख रुपये ठगे, पीड़ित की शिकायत पर आगरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
तस्वीर में दिख रही गुलाबी पोशाक पहने पीड़ित व्यक्ति बिस्तर पर लेटी हुई है।
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में प्रेम, शादी के वादे और धोखे का मामला सामने आया है। एक 20 वर्षीय किन्नर (ट्रांसजेंडर) ने आरोप लगाया है कि प्रेमी ने शादी का झांसा देकर उसे सर्जरी कराकर पूरी तरह लड़की बनने के लिए कहा। उसके भरोसे पर पीड़िता ने तीन सर्जरी कराईं और करीब 3 लाख रुपये खर्च किए। सर्जरी के बाद महीनों तक असहनीय दर्द झेलने के बावजूद जब उसने शादी की बात की तो प्रेमी अपने वादे से मुकर गया।
पीड़िता के अनुसार, करीब डेढ़ साल पहले उसकी मुलाकात आरोपी युवक से हुई थी। दोनों के बीच धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ीं और आरोपी ने उससे शादी का प्रस्ताव रखा। प्रेमी ने शर्त रखी कि अगर वह सर्जरी कराकर पूरी तरह लड़की बन जाए तो वह उससे शादी कर उसे पत्नी का दर्जा देगा। प्रेमी के वादे पर भरोसा करते हुए पीड़िता ने एक के बाद एक तीन कठिन सर्जरियां कराईं। इन सर्जरियों पर करीब 3 लाख रुपये खर्च हुए।
पीड़िता का कहना है कि सर्जरी के बाद उसे कई महीनों तक दर्द और शारीरिक तकलीफ सहनी पड़ी। इसके बावजूद जब उसने प्रेमी से शादी करने के लिए दबाव बनाया तो उसने शादी से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने आरोपी के बारे में पड़ताल की तो उसे पता चला कि उसका प्रेमी पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। आरोप है कि युवक ने करीब डेढ़ साल तक अपनी शादी और बच्चों की बात उससे छिपाकर रखी।
पीड़िता ने आरोपी पर शादी और इलाज का झांसा देकर अलग-अलग किस्तों में करीब 10 लाख रुपये ऐंठने का भी आरोप लगाया है। पुलिस में दर्ज शिकायत में उसने कहा कि आज उसके पास न प्रेमी का प्यार बचा, न शादी हुई और न ही उसके मेहनत के पैसे वापस मिले।
मामले में आगरा पुलिस ने आरोपी प्रेमी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। शिकायत के बाद सामने आए आरोपों ने प्रेम संबंध, शादी के वादे और आर्थिक लेन-देन से जुड़े इस मामले को गंभीर बना दिया है।