मंच पर सम्मान ग्रहण करती मालिनी अवस्थी और साथ खड़े अधिकारी गढ़ गंगा मेले में मौजूद हैं।

हापुड़। ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा गढ़ गंगा मेले की सांस्कृतिक संध्या में सुप्रसिद्ध लोक गायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को लोकगीतों और भक्ति संगीत से जोड़ दिया। उन्होंने मां गंगा की महिमा का गुणगान करते हुए पारंपरिक गंगा गीत प्रस्तुत किए। उनकी खनकती आवाज और लोकगीतों की धुन पर मेला परिसर में मौजूद हजारों श्रद्धालु और दर्शक झूम उठे।

जिला प्रशासन और जिला पंचायत हापुड़ के सहयोग से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत के साथ ही पूरा मेला परिसर भक्तिमय और संगीतमय वातावरण में डूब गया। मालिनी अवस्थी ने एक के बाद एक गंगा मैया के गीत प्रस्तुत किए। उनके गीतों को सुनकर उपस्थित जनसमूह मंत्रमुग्ध हो गया। देर शाम तक चली सांस्कृतिक संध्या में श्रद्धालुओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर और गढ़मुक्तेश्वर विधायक हरेंद्र तेवतिया सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासनिक स्तर पर हापुड़ की जिलाधिकारी कविता मीना, पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह और मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इनके अलावा मेला अधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे तथा मेले की व्यवस्थाओं की निगरानी की।

पद्मश्री मालिनी अवस्थी की लोकगीतों से सजी प्रस्तुति कार्तिक पूर्णिमा गढ़ गंगा मेले की सांस्कृतिक संध्या का प्रमुख आकर्षण रही। मां गंगा की महिमा पर आधारित गीतों ने मेले में आए श्रद्धालुओं को भक्तिमय संगीत का अनुभव कराया।

Tags: