हापुड़ के गढ़ गंगा मेले में सुरक्षा निरीक्षण के दौरान पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी खड़े हैं।

हापुड़ के ऐतिहासिक गढ़ गंगा मेले में मुख्य स्नान और श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने मेला क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की और अगले 48 घंटे तक पुलिस को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी हापुड़, पुलिस अधीक्षक हापुड़ सहित मेला और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। डीआईजी ने गढ़ और तिगरी मेले को आपस में जोड़ने के लिए पहली बार बनाए गए पीपा पुल का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अमरोहा पुलिस के साथ पुल पर संयुक्त पैदल गश्त की और वहां तैनात सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके अलावा मेले के प्रमुख बाजारों में अधिकारियों के साथ पैदल मार्च कर व्यवस्थाओं का आकलन किया।

डीआईजी कलानिधि नैथानी ने मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं से सीधे बातचीत कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधीनस्थ अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा उनका मनोबल बढ़ाया।

मुख्य स्नान और श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए डीआईजी ने अगले 48 घंटे तक अत्यधिक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दोनों शिफ्टों में तैनात पुलिस बल मेला क्षेत्र में लगातार सक्रिय और मौजूद रहे, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न हो।

घाटों पर जल सुरक्षा को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। सभी नावों में हर समय लाइफ जैकेट, लाउड हेलर और टॉर्च अनिवार्य रूप से उपलब्ध रखने को कहा गया। इसके साथ ही भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग का दायरा और बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के अंतिम चरण में डीआईजी ने मेला कंट्रोल रूम का जायजा लिया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों और संचार व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से सुरक्षा, जल प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और निगरानी व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Tags: