हापुड़ में निर्वाचन कार्यालय का डीएम कविता मीना ने किया त्रैमासिक निरीक्षण, रिकॉर्ड जांचकर कर्मचारियों को दिए निर्देश
| हापुड़ में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कविता मीना ने जिला निर्वाचन कार्यालय का त्रैमासिक निरीक्षण किया। मतदाता सूची, ईवीएम और वीवीपैट वेयरहाउस के रिकॉर्ड जांचने के साथ अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्वाचन प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया।
ईवीएम वेयरहाउस के पास खड़ी जिलाधिकारी कविता मीना अन्य अधिकारियों से निर्वाचन व्यवस्थाओं पर बात करती दिख रही हैं।
हापुड़ में जिला निर्वाचन कार्यालय की व्यवस्थाओं और निर्वाचन संबंधी अभिलेखों की स्थिति परखने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कविता मीना ने गुरुवार को त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची, ईवीएम और वीवीपैट वेयरहाउस सहित निर्वाचन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण भी दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदाता सूची, ईवीएम व वीवीपैट वेयरहाउस तथा निर्वाचन से संबंधित महत्वपूर्ण अभिलेखों और रजिस्टरों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी रिकॉर्ड अद्यतन रखने और उन्हें व्यवस्थित ढंग से सुरक्षित करने के निर्देश दिए, ताकि निर्वाचन कार्यालय के कामकाज में किसी प्रकार की कमी न रहे।
निरीक्षण के बाद कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए जागरूकता प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इसमें मतदाता सूची के शुद्धिकरण, नए पात्र मतदाताओं के पंजीकरण और जिले में मतदान प्रतिशत बढ़ाने की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके साथ ही मतदाताओं को जागरूक करने के लिए संचालित स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम की गतिविधियों और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के तरीकों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कविता मीना ने कहा कि जनपद में निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्वाचन से जुड़े प्रत्येक दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा और निर्धारित समयसीमा के भीतर करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण और प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सहित जिला निर्वाचन कार्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। जिलाधिकारी ने अभिलेखों के नियमित रखरखाव और निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों के प्रभावी निर्वहन पर विशेष जोर दिया।