केशव प्रसाद मौर्य का पिलखुवा दौरा, लज्जा रानी गर्ग को देंगे श्रद्धांजलि
भाजपा की वरिष्ठ महिला नेत्री के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचेंगे उप मुख्यमंत्री, सुरक्षा के कड़े इंतजाम।
तस्वीर में पिलखुवा के रामलीला मैदान में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते पुलिस अधिकारी।
हापुड़ जनपद के पिलखुवा में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पहुंचेंगे। वह भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ महिला नेत्री और पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय लज्जा रानी गर्ग के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने उनके आवास जाएंगे। डिप्टी सीएम का अचानक तय हुआ वीआईपी दौरा सामने आने के बाद जिला और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों को तेज कर दिया गया है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का हेलीकॉप्टर दोपहर 01:45 बजे पिलखुवा के रामलीला मैदान में बनाए गए अस्थाई हेलीपैड पर लैंड करेगा। इसके बाद वह करीब 50 मिनट पिलखुवा में रुकेंगे। हेलीपैड से सड़क मार्ग के जरिए वह सीधे स्वर्गीय लज्जा रानी गर्ग के परिजनों से मिलने उनके निवास स्थान पहुंचेंगे। वहां वह महिला नेत्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाएंगे।
श्रद्धांजलि देने के बाद दोपहर 02:35 बजे उपमुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से नोएडा के लिए रवाना हो जाएंगे। उनके आगमन और प्रस्थान को देखते हुए प्रशासन ने वीआईपी मूवमेंट से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां पूरी करने में जुट गया है।
डिप्टी सीएम के आगमन को लेकर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने रामलीला मैदान का निरीक्षण किया है। पुलिस विभाग ने हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल और स्वर्गीय लज्जा रानी गर्ग के आवास तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की प्लानिंग की है। वीआईपी मूवमेंट के दौरान आम जनता को परेशानी न हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। रूट डायवर्जन को लेकर भी प्रशासन सख्त है।
स्वर्गीय लज्जा रानी गर्ग भाजपा की बेहद व्योवृद्ध और समर्पित महिला नेत्री थीं। उन्होंने भाजपा के कई महत्वपूर्ण संगठनों और पदों पर रहकर लंबे समय तक पार्टी को मजबूत करने का कार्य किया था। उनके निधन से स्थानीय भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है। उपमुख्यमंत्री का पिलखुवा दौरा इसी शोक संवेदना और श्रद्धांजलि कार्यक्रम के तहत निर्धारित किया गया है।