बहादुरगढ़ थाना परिसर में पुलिस अधिकारियों से जानकारी लेते कानून की पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राएं।

हापुड़ जनपद के थाना बहादुरगढ़ में कानून की पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं को पुलिस की जमीनी और व्यावहारिक कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए विशेष शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। आईएमएमआईआरसी (IMSIRC) कॉलेज, भैना, गढ़मुक्तेश्वर के एलएलबी (LLB) और बीए एलएलबी (BA LLB) के छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के साथ बहादुरगढ़ थाने का दौरा किया और पुलिसिंग की बारीकियों को करीब से समझा।

थाना पहुंचने पर कॉलेज के दल का पुलिस अधिकारियों ने स्वागत किया। थानाध्यक्ष इंद्रकांत यादव और एसएसआई नवीन कुमार ने मौजूद रहकर छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया और उनके सवालों के जवाब दिए। इस दौरान विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली और कानूनी प्रक्रियाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान छात्रों ने शिकायत पत्र मिलने के बाद तथ्यों की जांच और मुकदमा दर्ज (FIR) करने की प्रक्रिया को समझा। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें बताया कि पीड़ित की शिकायत प्राप्त होने के बाद मुकदमा पंजीकरण की प्रक्रिया किस तरह आगे बढ़ती है। इसके साथ ही छात्रों को अपराध रजिस्टर में अपराधों के अंकन और अभिलेखों के रखरखाव की प्रक्रिया भी दिखाई गई।

छात्र-छात्राओं ने सीसीटीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम) के कंप्यूटर कक्ष का भी अवलोकन किया। उन्हें बताया गया कि तकनीक की मदद से अपराधियों पर नजर रखने की प्रक्रिया किस प्रकार संचालित होती है। इसके अलावा विद्यार्थियों ने महिला हेल्प डेस्क और थाना परिसर में उपलब्ध अन्य व्यवस्थाओं को भी देखा।

भ्रमण के दौरान वर्तमान समय की बड़ी चुनौती साइबर अपराध पर भी चर्चा हुई। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को साइबर क्राइम से निपटने और उससे सुरक्षित रहने के तरीकों की जानकारी दी। इस तरह विद्यार्थियों को कानून की पढ़ाई के साथ पुलिस की व्यावहारिक कार्यप्रणाली और आपराधिक मामलों से जुड़ी प्रक्रियाओं को समझने का अवसर मिला।

शिक्षकों की देखरेख में हुए इस दौरे को लेकर छात्रों में उत्साह देखने को मिला। कॉलेज प्रबंधन का मानना है कि ऐसे व्यावहारिक दौरों से कानून के विद्यार्थियों को आपराधिक मामलों, पुलिस की कार्यशैली और कानूनी प्रक्रियाओं को गहराई से समझने में मदद मिलती है, जो भविष्य में उनके करियर के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी।

Tags: